Bharat Express DD Free Dish

जेडीयू में टकराव! नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मांग पर केसी त्यागी से पार्टी ने झाड़ा पल्ला

Bharat Ratna for Nitish Kumar Controversy: नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मांग पर जेडीयू में मतभेद सामने आए हैं. वरिष्ठ नेता केसी त्यागी के बयान से पार्टी ने दूरी बना ली है और इसे उनका निजी विचार बताया है. जानिए पूरा मामला.

KC Tyagi demands Bharat Ratna for Nitish Kumar

Bharat Ratna for Nitish Kumar Controversy: बिहार की सत्ता पर काबिज जनता दल (यूनाइटेड) के नेताओं के अलग-अलग बयान सामने आ रहे हैं. पहले जेडीयू के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मांग की. लेकिन इसके उलय जेडीयू प्रवक्ता राजीव रंजन ने केसी त्यागी के बयान से पार्टी को अलग करते हुए कहा कि यह उनके निजी विचार हो सकते हैं. वहीं पार्टी के एक और वरिष्ठ नेता नीरज कुमार ने साफ कहा कि जनता दल (यूनाइटेड) का इस बयान से कोई सरोकार नहीं है.

JDU पल्ला झाड़ती नजर आई

जेडीयू प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा, “केसी त्यागी के बयान से पार्टी की विचारधारा और आधिकारिक स्टैंड से कोई लेना-देना नहीं है. दरअसल, वह पार्टी के साथ हैं या नहीं पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को ये भी पता नहीं है.” सूत्रों के मुताबिक, केसी त्यागी के बयान से पार्टी आलाकमान नाराज है, क्योंकि इससे पहले भी वह पार्टी लाइन से अलग बयान दे चुके हैं.

नीतीश कुमार के लिए भारत रत्न की मांग

जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने शुक्रवार (09 जनवरी 2026) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ देने की मांग की. अपने पत्र में केसी त्यागी ने लिखा कि समाजवादी आंदोलन के बचे हुए अनमोल रत्न नीतीश कुमार ‘भारत रत्न’ के योग्य हैं और उन्हें इस सम्मान से नवाजा जाना चाहिए.

केसी त्यागी ने पत्र में लिखा,

30 मार्च 2024 हमारे पुरखों के सम्मान का दिन है. आपके प्रयासों से उन्हें ‘भारत रत्न’ के सर्वोच्च सम्मान से अलंकृत किया गया था. स्व. चौधरी चरण सिंह एवं स्व. कर्पूरी ठाकुर द्वारा किए गए जनहित एवं कृषक, हाशिए पर गए लोगों को संगठित कर उन्हें सम्मान दिलाने का सार्थक प्रयास किया गया था.

केंद्रीय मंत्री ने भी किया समर्थन

केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) के नेता जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मीांग का समर्थन किया. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि, “हमें पूरा भरोसा है कि प्रधानमंत्री मोदी जी, जो अपने फैसलों से सबको चौंकाने के लिए जाने जाते हैं. और वो एक बार फिर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भारत रत्न देने का फैसला करके सबको चौंका देंगे.”


ये भी पढ़ें: ‘नीतीश कुमार को भारत रत्न दो’, क्या है केसी त्यागी के मांग का आधार?


गिरिराज सिंह भी उठा चुके हैं ‘भारत रत्न’ की मांग

यह पहली बार नहीं है जब नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मांग उठी हो. इससे पहले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह भी नीतीश कुमार और ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के लिए भारत रत्न की मांग कर चुके हैं. दिसंबर 2024 में उन्होंने कहा था कि नीतीश कुमार ने बिहार के विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य किया है और नवीन पटनायक ने भी वर्षों तक ओडिशा की सेवा की है. ऐसे नेताओं को भारत रत्न जैसे सम्मान दिए जाने चाहिए.

फिलहाल नीतीश कुमार दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाल रहे हैं. हालांकि, अब तक बहुत कम नेताओं को जीवित रहते देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा गया है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read