Bharat Express DD Free Dish

नशे में लड़खड़ाए दूल्हे के कदम, तो दुल्हन ने बीच मंडप तोड़ दी शादी! जानें जहानाबाद में ‘नशे’ ने कैसे उजाड़ दी रंजन की जिंदगी?

बिहार के Jehanabad में दुल्हन ने शराबी दूल्हे से शादी करने से इनकार कर दिया, जिससे बारात बिना शादी लौट गई. दूल्हे को कुछ देर बंधक बनाए जाने के बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया…

Jehanabad Drunk Groom Wedding: बिहार के जहानाबाद जिले में एक शादी समारोह उस वक्त हाई-वोल्टेज ड्रामे में बदल गया, जब एक दुल्हन ने शराबी दूल्हे के साथ जीवन बिताने से साफ इनकार कर दिया. मामला ओकरी थाना क्षेत्र के देवरा मठ गांव का है, जहां पटना के पुनाईचक से आई बारात को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा. दुल्हन नेहा कुमारी के इस साहसी फैसले की अब पूरे इलाके में तारीफ हो रही है.

द्वार पूजा के समय खुली दूल्हे की पोल

जानकारी के अनुसार, नागेंद्र राम ने अपनी बेटी नेहा की शादी पटना निवासी रंजन कुमार से तय की थी. 21 तारीख को तिलक का चढ़ावा भी चढ़ा और 26 तारीख को गाजे-बाजे के साथ बारात गांव पहुँची. बारातियों का भव्य स्वागत हुआ, लेकिन असली ड्रामा तब शुरू हुआ जब दूल्हे को ‘द्वार पूजा’ के लिए लाया गया. जैसे ही दूल्हा रंजन कुमार मंडप की ओर बढ़ा, वह शराब के नशे में बुरी तरह लड़खड़ाने लगा. उसे ठीक से खड़े होने में भी दिक्कत हो रही थी.

दुल्हन का दो टूक फैसला क्या?

जैसे ही दूल्हे के नशे में होने की खबर दुल्हन नेहा तक पहुँची, उसने बिना देर किए शादी करने से मना कर दिया. नेहा का कहना था कि जो व्यक्ति अपनी शादी के दिन खुद को संभाल नहीं सकता, वह भविष्य में परिवार क्या संभालेगा. दुल्हन के इस कड़े रुख को देखकर बारातियों में हड़कंप मच गया और वे मौके की नजाकत को भांपते हुए एक-एक कर वहां से खिसक लिए.

यह भी पढ़ें: राज्यसभा में केजरीवाल का गेम ओवर!… राघव चड्ढा समेत 7 सांसदों को BJP सदस्य के तौर पर मिली मान्यता; अब क्या करेंगे संजय सिंह?

दूल्हे को बना डाला ‘बंधक’

शादी टूटने से नाराज लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हे को बंधक बना लिया. परिजनों ने शादी की तैयारियों और तिलक में दिए गए पैसों व सामान की वापसी की मांग शुरू कर दी. कई घंटों तक दूल्हा बंधक बना रहा, जिसके बाद सूचना पाकर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची. पुलिस ने दूल्हे को भीड़ से छुड़ाकर थाने लाया, जहाँ अब दोनों पक्षों के बीच लेनदेन को लेकर बातचीत चल रही है.

सफाई देते हुए क्या बोल दूल्हा?

वहीं, दूल्हे रंजन कुमार का अपना अलग ही तर्क है. उसका कहना है कि उसने किसी तरह का नशा नहीं किया था, बल्कि थकान या किसी अन्य कारण से उसका पैर लड़खड़ा गया था, जिसे लड़की पक्ष ने गलत समझ लिया. हालांकि, प्रत्यक्षदर्शियों और लड़की पक्ष का आरोप है कि दूल्हे की हालत साफ बता रही थी कि वह नशे में चूर था.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read