Bharat Express DD Free Dish

Jharkhand: दुर्गा पूजा मेले से लौट रहीं दलित और आदिवासी समुदाय की 3 लड़कियों से गैंगरेप, 8 आरोपी गिरफ्तार

Jharkhand के पलामू और लातेहार जिले में 3 नाबालिग लडकियों के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है. घटना के संबंध में पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

Arrest Crime Police

प्रतीकात्मक तस्वीर.

Prashant Rai Edited by Prashant Rai

झारखंड के पलामू और लातेहार जिले में दलित और आदिवासी समुदाय की लड़कियों से गैंगरेप की दो घटनाएं सामने आई हैं. पुलिस ने दोनों मामलों में सूचना मिलते ही आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में दुर्गा पूजा का मेला देखकर घर लौट रही दलित और आदिवासी समाज की दो नाबालिग लड़कियों के साथ शुक्रवार की शाम छह लड़कों ने गैंगरेप किया था. पहले इस घटना को दबाने की कोशिश हुई. पीड़िता और उसके परिजनों का आरोप है कि गांव में पंचायत बुलाकर उन्हें पुलिस के पास पहुंचने से रोकने की कोशिश की गई.

रविवार देर शाम पीड़िता और उनके परिजनों ने नौडीहा बाजार थाना पहुंच कर इसकी एफआईआर दर्ज कराई. इसके बाद पुलिस ने सोमवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों में विक्रम पासवान, अरविंद सिंह, मंदीप पासवान, पप्पू पासवान शामिल हैं. इनमें एक मुखिया (ग्राम प्रधान) का पुत्र है. दो अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है.

ये भी पढ़ें- भारत की थोक मुद्रास्फीति सितंबर में 1.84 प्रतिशत रही

दूसरी घटना लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र की है, जहां महुआडांड़ बाजार से रविवार शाम घर लौट रही एक आदिवासी लड़की के साथ युवकों ने गैंगरेप किया. बदहवास हालत में घर पहुंची युवती ने परिजनों को इसकी जानकारी दी.

सोमवार को पीड़िता और गांव के लोगों ने थाने पहुंचकर वारदात की एफआईआर दर्ज कराई. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया. सभी महुआडांड़ प्रखंड मुख्यालय के रहने वाले हैं. पीड़ित लड़कियों की मेडिकल जांच कराई जा रही है.

-भारत एक्स्प्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read