बीते दिन विधानसभा घेराव के दौरान JPSC और JSSC अभ्यर्थियों पर हुए बर्बर लाठीचार्ज, वॉटर कैनन और आंसू गैस के इस्तेमाल के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी का आज झारखंड बंद मंगलवार सुबह 8 बजे से ही असर दिखाने लगा है. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के आह्वान पर पार्टी कार्यकर्ता सड़कों पर उतर चुके हैं.
बता दें राजधानी रांची के हरमू चौक, भारत माता चौक और किशोरगंज में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने सड़क पर टायर और लकड़ियां जलाकर चक्का जाम कर दिया और दुकानें बंद कराईं.
Ranchi, Jharkhand: The BJP has called for a statewide bandh today to protest the alleged police action against students during the JPSC-JSSC protest in Ranchi on Monday pic.twitter.com/v60e7lX2cl
— IANS (@ians_india) August 11, 2026
क्यों सुलग उठा रांची?
ज्ञात रहे पिछले 17 दिनों से JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में धांधली की CBI जांच और JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर छात्र आंदोलन कर रहे थे. सोमवार को जब हजारों अभ्यर्थी बैरिकेड्स तोड़कर विधानसभा की ओर बढ़े, तो पुलिस ने तीखा बल प्रयोग किया. इस झड़प में कई छात्र घायल हो गए और 9 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.
चप्पे-चप्पे पर 2000 जवानों का पहरा
गिरफ्तारी के आदेशबंद के दौरान हिंसा या उपद्रव रोकने के लिए पूरे रांची में करीब 2000 अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. एसएसपी राकेश रंजन ने स्पष्ट हिदायत दी है कि कोई भी अराजक तत्व कानून-व्यवस्था हाथ में लेता दिखा, तो उसे तुरंत गिरफ्तार किया जाएगा. नया और पुराना विधानसभा परिसर, सरकारी कार्यालय और संवेदनशील चौराहों को छावनी में बदल दिया गया है.
निजी स्कूल बंद, गाड़ियों के पहिए थमे
सुरक्षा कारणों से रांची समेत कई प्रमुख जिलों में निजी स्कूलों ने आज छुट्टी घोषित कर दी है. सड़कों पर बसों और ऑटो की आवाजाही काफी कम है. इस बीच अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने भी छात्रों पर हुए अत्याचार के खिलाफ आज पुराने विधानसभा से नए विधानसभा परिसर तक विरोध मार्च निकालने का ऐलान किया है, जिससे दिनभर शहर में गहमागहमी बने रहने के आसार हैं.
यह भी पढ़ें- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले सांसद मनीष जायसवाल, झारखंड भर्ती परीक्षा की सीबीआई जांच की मांग उठाई
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


