Bharat Express DD Free Dish

हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन की तबीयत बिगड़ी, झारखंड कैबिनेट की बैठक स्थगित

झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है. बरियातू स्थित हिल व्यू अस्पताल में उन्हें लाइफ सपोर्ट पर रखा गया है और हार्ट रेट अनियंत्रित होने के बाद डॉक्टरों ने अस्थायी पेसमेकर लगाने का फैसला किया है.

Jharkhand CM Hemant Soren Mother Rupi Soren Critical On Life Support In Ranchi
Edited by Vaibhav Gupta

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन की तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही है. रांची के बरियातू रोड स्थित हिल व्यू अस्पताल में उनका इलाज जारी है. जानकारी के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें लाइफ-सपोर्ट पर रखा गया है. अस्पताल की मेडिकल टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है. इसी बीच सूत्रों से जानकारी सामने आई है कि रूपी सोरेन का हार्ट रेट अनियंत्रित होने के बाद चिकित्सकों ने आगे के उपचार को लेकर आपात बैठक की है. स्थिति को देखते हुए उन्हें टेंपरेरी यानी अस्थायी पेसमेकर लगाने का निर्णय लिया गया है.

हार्ट रेट में गिरावट से बढ़ी चिंता

जानकारी के अनुसार, रूपी सोरेन की स्वास्थ्य स्थिति में अचानक बदलाव के बाद चिकित्सकों की टीम ने उनकी निगरानी और आगे के उपचार को लेकर चर्चा की. न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. उज्जवल राय समेत अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. दीपक गुप्ता को भी इलाज में शामिल किया गया. बताया जा रहा है कि हार्ट रेट को नियंत्रित रखने के लिए अस्थायी पेसमेकर लगाने की तैयारी की गई है. इसके बाद उनके हार्ट रेट और इलाज के प्रभाव की लगातार निगरानी की जाएगी.

अस्थायी पेसमेकर के बाद ही आगे इलाज पर फैसला संभव

सूत्रों के अनुसार, अस्थायी पेसमेकर लगाए जाने के बाद रूपी सोरेन के हार्ट रेट और स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रखी जाएगी. यदि उनकी स्थिति इससे नियंत्रित होती है तो आगे स्थायी पेसमेकर लगाने को लेकर चिकित्सक निर्णय ले सकते हैं. फिलहाल डॉक्टरों की प्राथमिकता उनके हार्ट रेट को स्थिर रखने और गंभीर स्थिति में लगातार मॉनिटरिंग करने की है.

लाइफ-सपोर्ट पर CM हेमंत सोरेन की मां

इससे पहले बुधवार को हिल व्यू हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के डायरेक्टर डॉ. नितेश प्रिया ने बताया था कि रूपी सोरेन की हालत कई समस्याओं के कारण गंभीर बनी हुई है. उन्हें लाइफ-सपोर्ट पर रखा गया है. डॉक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है. रूपी सोरेन को 18 सितंबर को सांस लेने में परेशानी के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इसके बाद से उनका इलाज चल रहा है.

अस्पताल में मौजूद हैं मुख्यमंत्री

मां की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लगातार अस्पताल में हैं और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ले रहे हैं. मां की तबीयत को देखते हुए मुख्यमंत्री ने बुधवार के कई निर्धारित कार्यक्रम रद्द किए हैं. इसी बीच 7 अक्टूबर की शाम प्रस्तावित झारखंड कैबिनेट की बैठक भी स्थगित कर दी गई है. फिलहाल रूपी सोरेन की स्थिति गंभीर बनी हुई है और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रख रही है.

यह भी पढ़ें: छोटे कारोबारियों के लिए दिवाली से पहले खुशखबरी! रजिस्ट्रेशन से लेकर रिफंड तक आसान हो सकते हैं नियम

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read