Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

झारखंड : लातेहार में माइनिंग सर्वे कंपनी की साइट पर नक्सलियों का बड़ा हमला, छह गाड़ियों और बड़ी मशीनों में लगाई आग

लातेहार में नक्सलियों ने CMPDI साइट पर हमला कर दो ड्रिलिंग मशीन और छह गाड़ियों में आग लगाई. पुलिस ने छापेमारी शुरू की. घटना चंदवा के तोरीसात गांव में हुई, जहां कोयला सर्वे चल रहा था.

Naxal Attack
Aarika Singh Edited by Aarika Singh

झारखंड के लातेहार जिला अंतर्गत चंदवा थाना क्षेत्र में नक्सलियों के हथियारबंद दस्ते ने कोल इंडिया की सहयोगी कंपनी सीएमपीडीआई (सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट) के साइट पर धावा बोलकर दो ड्रिलिंग मशीन सहित आठ गाड़ियों में आग लगा दी.

सुदूर जंगलवर्ती इलाके में स्थित साइट पर अंजाम दी गई इस घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस की टीम रविवार सुबह मौके पर रवाना हुई है. वारदात को अंजाम देने वाले नक्सलियों की गिरफ्तारी के लिए इलाके में छापेमारी भी शुरू की गई है. जानकारी के अनुसार, सीएमपीडीआई की ओर से चंदवा की चकला पंचायत अंतर्गत तोरीसात गांव में भूमिगत कोयला भंडार के सर्वे के लिए साइट चिन्हित किया गया था. यहां कंपनी की तकनीकी टीम की ओर से ड्रिलिंग और सर्वे के उद्देश्य से प्रारंभिक खनन का कार्य किया जा रहा था. इसमें कई श्रमिकों को भी लगाया गया था.

बताया गया कि शनिवार-रविवार की रात हथियारबंद नक्सली साइट पर पहुंचे और फायरिंग करके दहशत फैलाई. इसके बाद उन्होंने दो ड्रिलिंग मशीन, दो कार, दो पिकअप तथा दो ट्रकों में आग लगा दी. सभी वाहन जलकर राख हो गए. नक्सली लगभग एक घंटे तक उत्पात मचाते रहे. लातेहार जिले में भाकपा माओवादी, टीएसपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी), झारखंड जनसंघर्ष जनमुक्ति मोर्चा सहित कई नक्सली संगठन सक्रिय रहे हैं.

आशंका जताई जा रही है कि इस वारदात में इनमें से किसी एक संगठन का हाथ है. लातेहार के एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर बालूमाथ डीएसपी विनोद रवानी के नेतृत्व में पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची है. पूरे इलाके में सघन छापेमारी शुरू की गई है. इससे पहले बीते बुधवार की रात भी लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ओरसापाठ गांव में नक्सलियों ने सड़क निर्माण साइट पर हमला कर दो वाहनों को फूंक दिया था और वहां काम करने वाले मुंशी अयूब खान नामक एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी थी.

ये भी पढ़ें: नहीं होगी गोला बारूद की कमी! भारत-पाक तनाव के बीच गोला बारूद निर्माता कंपनी के कर्मचारियों की छुट्टी रद्द

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital