Bharat Express DD Free Dish

आधी रात को बहन के पास आया भाई का खौफनाक फोन; ‘दीदी, मैंने मम्मी का काम तमाम कर दिया’, जानें पूरा मामला

Jhunjhunu Murder Case: : झुंझुनूं के नवलगढ़ में शराब के आदी एक बेटे ने घरेलू कलह के चलते अपनी ही मां पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया और खुद फोन कर बहन को इसकी जानकारी दी.

Jhunjhunu Murder Case

Jhunjhunu Murder Case (AI Image)

Jhunjhunu Murder Case: राजस्थान में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक और दर्दनाक घटना सामने आई है. जयपुर में बेटी द्वारा मां की हत्या की साजिश के बाद, अब झुंझुनूं के नवलगढ़ में एक बेटे ने मामूली विवाद में अपनी मां की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपी बेटा लोक निर्माण विभाग (PWD) में कार्यरत है, जिसे पिता की मौत के बाद अनुकंपा नियुक्ति मिली थी.

राजस्थान में दिल दहला देने वाली आपराधिक वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं. राजधानी जयपुर में बेटी द्वारा मां की सुपारी देकर हत्या कराने का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ कस्बे से ऐसी ही एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही 59 वर्षीय मां प्रभाती देवी की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर निर्मम हत्या कर दी. वारदात की सबसे हैरान कर देने वाली बात यह रही कि हत्या के बाद आरोपी भागा नहीं, बल्कि खुद अपनी बहन और बहनोई को फोन कर मर्डर की बात कबूली.

रसोई के चाकू से किए ताबड़तोड़ वार (murder of a mother)

यह पूरी घटना नवलगढ़ कस्बे में कृषि उपज मंडी के सामने स्थित एक मकान की है. पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10 बजे मां प्रभाती देवी और उनके 28 वर्षीय बेटे राजवीर के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी. देखते ही देखते यह पारिवारिक विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर राजवीर ने रसोई से चाकू उठाया और अपनी मां पर लगातार कई वार कर दिए. गंभीर रूप से घायल प्रभाती देवी खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ीं और मौके पर ही उनकी सांसें थम गईं.

हत्या के बाद बहन को किया फोन (Rajasthan murder)

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी राजवीर ने कथित तौर पर अपनी बहन और बहनोई शिवकुमार को फोन लगाया और कहा, ‘मैंने मम्मी का मर्डर कर दिया है.’ यह सुनते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई. वे तुरंत मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ महिला को नवलगढ़ अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलते ही नवलगढ़ थाना पुलिस भी हरकत में आई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके से ही हिरासत में ले लिया और घटनास्थल को सील कर फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए.

पारिवारिक कलह और शराब की लत (compassionate appointment murder)

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी राजवीर शराब पीने का बेहद आदी है. अत्यधिक शराब की लत के कारण उसका अपनी पत्नी से भी लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते उसकी पत्नी अपने 5 साल के बेटे के साथ पीहर (मायके) में रह रही थी. घर में सिर्फ मां और बेटा ही साथ रहते थे. आरोपी राजवीर लोक निर्माण विभाग (PWD) में यूडीसी (UDC) के पद पर तैनात है. उसे यह सरकारी नौकरी उसके पिता की मृत्यु के बाद अनुकंपा के आधार पर मिली थी.

इलाके में सनसनी, जांच जारी (Prabhati Devi murder case)

नवलगढ़ थाना प्रभारी अजय सिंह ने बताया कि मृतका के दामाद की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है. प्राथमिक दृष्टि से हत्या की वजह शराब की लत और पारिवारिक कलह नजर आ रही है, लेकिन हत्या के असली इनसाइड कारणों का पता लगाने के लिए आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है. इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और हर कोई स्तब्ध है कि जिस बेटे को पिता की जगह सहारा समझकर सरकारी नौकरी मिली, उसी ने अपनी मां की जान ले ली.

यह भी पढ़ें:  15 साल की खुशी अपने खेत में काट रही थी घास तभी बिजली ने झुलसा डाला, उसे बचाने की कोशिश में मां ने भी गंवाई जान

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read