Bharat Express DD Free Dish

हैदराबाद में के. कविता का शक्ति प्रदर्शन: शहीदों को नमन कर शुरू की अपनी पार्टी, महिला कार्ड से पलटेंगी तेलंगाना की बाजी?

बीआरएस सुप्रीमो केसीआर की बेटी के. कविता ने अपनी नई पार्टी ‘तेलंगाना राष्ट्र सेना’ (TRS) का शुभारंभ किया है. भाई केटीआर से मतभेदों के बाद बीआरएस छोड़ने वाली कविता ने तेलंगाना की अधूरी आकांक्षाओं को पूरा करने और महिला नेतृत्व को मजबूती देने का संकल्प जताया है.

K Kavitha Launches New Party Telangana Rashtra Samithi (TRS) in Hyderabad

तेलंगाना की राजनीति में शनिवार को एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला. पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (KCR) की बेटी और पूर्व सांसद कलवाकुंतला कविता ने अपनी नई राजनीतिक पारी का आगाज करते हुए ‘तेलंगाना राष्ट्र सेना’ (TRS) को दोबारा जीवित कर दिया है. गौरतलब है कि इसी नाम से उनके पिता ने तेलंगाना आंदोलन की शुरुआत की थी, जिसका नाम बाद में बदलकर भारत राष्ट्र समिति (BRS) कर दिया गया था.

भाई से मतभेद और BRS से विदाई

कविता का यह कदम उनके भाई और बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के. तारक राम राव (KTR) के साथ सात महीने पहले हुए मतभेदों का परिणाम माना जा रहा है. केटीआर को केसीआर का राजनीतिक उत्तराधिकारी माना जाता है, जिससे असहमति जताते हुए कविता ने पार्टी छोड़ दी थी. अब अपनी अलग पार्टी बनाकर उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि वे तेलंगाना की राजनीति में अपनी स्वतंत्र पहचान बनाने के लिए तैयार हैं.

शहीदों को किया नमन

पार्टी के शुभारंभ से पहले कविता ने हैदराबाद में अपने आवास पर पूजा-अर्चना की और फिर गनपार्क स्थित तेलंगाना शहीद स्मारक पर जाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की. इसके बाद मेडचल के मुनिराबाद में एक भव्य सम्मेलन आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में भारी भीड़ उमड़ी, जिसमें अनुसूचित जनजाति (ST), लंबदा समुदाय और बड़ी संख्या में मुस्लिम महिलाएं शामिल हुईं. लोकगीतों और सांस्कृतिक नृत्यों के बीच कविता ने खुद को एक सशक्त महिला नेता के रूप में पेश किया.

‘पानी, धन और रोजगार’ के मुद्दे पर वापसी

कविता ने इस दौरान राज्य की मौजूदा और पिछली सरकारों पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा, “तेलंगाना को बने एक दशक से ज्यादा बीत गया, लेकिन आज भी लोग पानी, धन और रोजगार के लिए तरस रहे हैं, जो तेलंगाना आंदोलन की मुख्य मांगें थीं.” उन्होंने वादा किया कि उनकी नई पार्टी ‘समावेशी विकास’ और ‘आत्मनिर्भरता’ के सिद्धांतों पर काम करेगी और शासन को सीधे जनता के द्वार तक ले जाएगी.

ये भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस ने 31 साल पुराने किडनैपिंग और मर्डर केस के भगोड़े सलीम वास्टिक को दबोचा

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read