आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले के वेटलापलेम गांव में शनिवार को पटाखा बनाने वाली एक यूनिट में जोरदार धमाका हो गया. हादसे में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं. धमाके के समय यूनिट में करीब 20 कर्मचारी काम कर रहे थे.
मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका
राज्य की गृह मंत्री वंगालपुडी अनीता ने आशंका जताई कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के अनुसार कई घायलों की हालत नाजुक है और वे खतरे से बाहर नहीं हैं. प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है.
मुख्यमंत्री ने जताया गहरा दुख
मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने संबंधित मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर हालात की निगरानी करने को कहा है. सीएम ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है. उन्होंने कहा कि प्रशासन हर संभव मदद कर रहा है और जांच के आदेश दिए गए हैं.
यह भी पढ़ें: बदला हुआ शुरू..! ईरान ने एक साथ 8 देशों पर किया हमला, इजरायल पर दागी 70 मिसाइलें
धमाके का कारण अभी स्पष्ट नहीं
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक धमाका पटाखा बनाने की प्रक्रिया के दौरान हुआ. यूनिट में पटाखे बनाने का काम चल रहा था, तभी अचानक विस्फोट हो गया. धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के कई गांवों में सुनाई दी. घटना के बाद पूरा इलाका धुंए से भर गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाके से आसपास की इमारतों में भी कंपन महसूस हुआ. पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया.
बताते चलें कि यह घटना पटाखा फैक्टरियों में सुरक्षा मानकों की कमी को फिर उजागर करती है. पिछले कुछ वर्षों में आंध्र प्रदेश और अन्य राज्यों में पटाखा फैक्टरियों में कई हादसे हो चुके हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि कच्चे माल की अनुचित हैंडलिंग, सुरक्षा उपकरणों की कमी और लापरवाही से ऐसे हादसे होते हैं. प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



