चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के विधानसभा चुनाव नतीजों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज है. इसी बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने दिल्ली में मीडिया से बातचीत करते हुए कई अहम बातें कहीं. उनके बयान में जहां केरल को लेकर उत्साह दिखा, वहीं बाकी राज्यों के नतीजों पर आत्ममंथन की बात भी सामने आई है.
सचिन पायलट ने केरल के नतीजों को पार्टी के लिए सकारात्मक संकेत बताया. उन्होंने कहा कि वहां कांग्रेस का स्ट्राइक रेट काफी अच्छा रहा है और पार्टी एक मजबूत जीत की दिशा में आगे बढ़ रही है. पायलट के मुताबिक केरल में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जमीन पर बेहद मेहनत की है, जिसका असर अब नतीजों में साफ दिख रहा है.
उन्होंने यह भी कहा कि वहां की जनता मौजूदा सरकार से बदलाव चाहती थी और इस भावना को कांग्रेस ने अच्छे तरीके से भुनाया. पायलट ने इस संभावित जीत का श्रेय सीधे तौर पर केरल के नेताओं और जमीनी कार्यकर्ताओं को दिया. साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि लेफ्ट सरकार का प्रभाव अब कमजोर पड़ता दिख रहा है.
राष्ट्रीय नेतृत्व की भूमिका का जिक्र
पायलट ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के चुनाव प्रचार का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि इन नेताओं की सक्रियता और प्रचार अभियान का असर केरल में देखने को मिला है, जिसका परिणाम पार्टी के पक्ष में जाता दिख रहा है.
बाकी राज्यों के नतीजों पर मंथन की जरूरत
हालांकि अन्य राज्यों के नतीजों पर पायलट का रुख थोड़ा सतर्क नजर आया. उन्होंने कहा कि कुछ परिणाम चौंकाने वाले हैं और अभी पूरी तस्वीर आने का इंतजार करना चाहिए. असम और पश्चिम बंगाल में पार्टी का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, जिसे लेकर गंभीर चर्चा की जरूरत है.
पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पिछली बार जहां कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला था, इस बार कुछ सीटें मिलने की संभावना है. लेकिन भाजपा की बढ़त को उन्होंने ‘अजीब’ स्थिति बताया.
पायलट ने यह भी कहा कि किसी भी राज्य में अगर मतदाताओं या राजनीतिक दलों की तरफ से सवाल उठते हैं, तो उन्हें गंभीरता से सुना जाना चाहिए. उनके मुताबिक यह लोकतंत्र की मजबूती के लिए बेहद जरूरी है और आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर समाधान की दिशा में काम होना चाहिए.
दक्षिण भारत में बदलाव की लहर?
तमिलनाडु के नतीजों पर बोलते हुए पायलट ने कहा कि वहां जनता बदलाव चाहती है, इसलिए एक नए दल को अच्छी संख्या में सीटें मिलती दिख रही हैं. उन्होंने यह भी कहा कि तमिलनाडु की राजनीति हमेशा से बदलाव के लिए जानी जाती रही है, और यह रुझान इस बार भी जारी है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
