Bharat Express DD Free Dish

खगड़िया में रिश्तों का कत्ल! ससुराल आए दामाद की कनपटी पर सटाकर मारी गोली; पत्नी के ‘अवैध संबंधों’ ने ली पति की जान!

खगड़िया के जंगली टोला में एक दामाद की उसके ससुराल में ही हत्या कर दी गई. 22 वर्षीय टोनिश यादव की शादी को अभी एक महीना ही हुआ था. आरोप है कि पत्नी के अपने जीजा के साथ अवैध संबंध थे, जिसका विरोध करने पर टोनिश को रास्ते से हटा दिया गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Khagaria Crime News, Bihar Murder Case, Khagaria Murder

Khagaria Murder: बिहार के खगड़िया जिले से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों को तार-तार कर दिया है. यहां मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के जंगली टोला में एक युवक की उसके ही ससुराल में गोली मारकर हत्या कर दी गई. चौंकाने वाली बात यह है कि मृतक की शादी को अभी महज एक महीना ही बीता था और वह पहली बार अपने ससुराल आया था. इस हत्याकांड के पीछे जो वजह सामने आ रही है, उसने हर किसी को हैरान कर दिया है.

मृतक की पहचान 22 वर्षीय टोनिश यादव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बेगूसराय जिले के डंडारी का रहने वाला था. टोनिश की शादी करीब एक महीने पहले ही हुई थी. नई-नई शादी की खुशियां अभी घर में पूरी तरह से थमी भी नहीं थीं कि टोनिश पांच दिन पहले अपनी पत्नी के साथ ससुराल आया था. किसे पता था कि जिस चौखट पर उसका स्वागत ‘पाहुन’ के तौर पर हुआ था, वहीं से उसकी अर्थी उठेगी.

अवैध संबंधों की खूनी साजिश?

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. टोनिश के परिजनों ने जो आरोप लगाए हैं, वे सीधे तौर पर उसकी पत्नी और ससुराल वालों की तरफ इशारा कर रहे हैं. परिजनों का दावा है कि टोनिश की पत्नी का अपने ही बहनोई के साथ अवैध संबंध था. टोनिश को इस बात की भनक लग गई थी और वह इसका लगातार विरोध कर रहा था. परिजनों का कहना है कि इसी विरोध की कीमत टोनिश को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी. आरोप है कि पत्नी ने अपने प्रेमी और मायके वालों के साथ मिलकर हत्या की पूरी साजिश रची.

वारदात को अंजाम देने का तरीका बेहद खौफनाक था. हमलावरों ने टोनिश की कनपटी पर पिस्टल सटाकर एक गोली मारी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. गोली की आवाज सुनकर जब तक लोग कुछ समझ पाते, आरोपी फरार हो चुके थे.

ये भी पढ़ें- पूर्वोत्तर की बदलती तस्वीर; पीएम मोदी के नेतृत्व में रेलवे स्टेशनों का नवीनीकरण, बंगाल बना बेहतरीन उदाहरण

पुलिस की कार्रवाई

सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना प्रभारी संगीता कुमारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचीं. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. थाना प्रभारी का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद और अवैध संबंधों से जुड़ा लग रहा है, लेकिन पुलिस हर छोटे-बड़े पहलू की बारीकी से जांच कर रही है. जल्द ही इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read