Bharat Express DD Free Dish

सिविल कोर्ट सरेंडर करने पहुंचे खान सर, आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज, पुलिस कर रही थी तलाश

Bihar News: मशहूर शिक्षक और खान ग्लोबल स्टडीज के संस्थापक खान सर ने कोचिंग संस्थान में हुई हिंसा और कथित फायरिंग मामले में सरेंडर कर दिया है. उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ था.

Bihar News: चर्चित शिक्षक और खान ग्लोबल स्टडीज़ के संस्थापक खान सर शनिवार, 6 जून को हिंसा और फायरिंग मामले में कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचे. उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है. पुलिस लंबे समय से उनकी तलाश कर रही थी. आरोप है कि उन्होंने अपने बॉडीगार्ड्स से कहकर फायरिंग करवाई थी.

सुरक्षा गार्ड पहले ही गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने उनके दो सुरक्षा गार्डों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. वहीं खान सर को भी नामजद आरोपी बनाते हुए गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया. शुक्रवार रात पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए कोचिंग संस्थान पहुंची थी, लेकिन वह वहां नहीं मिले. इस दौरान छात्रों की भीड़ ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया. पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए छात्रों को कोचिंग और आसपास से हटाया.

विवाद की शुरुआत

पूरा मामला 2 जून को पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके से शुरू हुआ. खान ग्लोबल स्टडीज़ कोचिंग संस्थान पर कुछ लोगों ने हमला कर तोड़फोड़ की. इस दौरान सुरक्षा गार्डों ने राइफलों से कई राउंड फायरिंग की. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मामला सुर्खियों में आ गया.

प्रतिस्पर्धा की लड़ाई

पुलिस जांच में यह विवाद पटना के कोचिंग संस्थानों के बीच वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा माना जा रहा है. प्रतिद्वंद्वी कोचिंग ज्ञान बिंदु के संचालक रोशन आनंद को मुख्य आरोपी मानते हुए गिरफ्तार कर जेल भेजा गया. वहीं खान सर के गार्ड प्रदीप और तालेश्वर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. दोनों ने फायरिंग की बात स्वीकार की, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया और हथियार जब्त कर लिए गए.

ये भी पढ़ें-बंगाल के बाद अब दिल्ली टारगेट? TMC की अंदरूनी फूट से दीदी की बढ़ेगी टेंशन, सांसदों में बगावत की आहट

गिरफ्तारी से पहले सरेंडर

खान सर पर तोड़फोड़ और फायरिंग मामले में एफआईआर दर्ज थी. आर्म्स एक्ट और हत्या की कोशिश की धाराओं के तहत केस दर्ज होने के बाद से उनकी गिरफ्तारी की तलवार लटक रही थी. पुलिस ने उनकी कोचिंग के बाहर फोर्स भी तैनात कर दी थी. अब उन्होंने खुद कोर्ट में सरेंडर कर दिया है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read