Khan Sir statement on guard firing: बिहार के पटना से लेकर पूरे देश में बेहद लोकप्रिय शिक्षक ‘खान सर’ (Khan Sir) के घर पर हुई हालिया हिंसक घटना और उसके बाद मचे बवाल पर खुद खान सर ने अपनी क्लास रूम से खुलकर बड़ी बात कही है. अपने ऊपर हुए हमले और बॉडीगार्ड द्वारा की गई फायरिंग के विवाद पर खान सर ने आलोचकों और कानून व्यवस्था पर तीखा पलटवार किया है.
अपने चिरपरिचित और बेबाक अंदाज में छात्रों के बीच इस घटना का सच रखते हुए खान सर ने साफ-साफ माना कि उनके बॉडीगार्ड ने गोली चलाई थी, लेकिन वह कोई गुंडागर्दी नहीं बल्कि खुद की जान बचाने के लिए उठाया गया कदम था.
तो क्या फूल बरसाते? (Khan Sir classroom explanation video)
खान सर ने उन लोगों को करारा जवाब दिया है जो उनके गार्ड द्वारा की गई फायरिंग पर सवाल उठा रहे थे. उन्होंने बेहद तल्ख लहजे में कहा कि मेरे घर में रात के अंधेरे में कुछ लोग घुस आए. उन्होंने मेरे गार्ड को मारकर अधमरा कर दिया. अब आप ही बताइए, उस खौफनाक समय में क्या हम उन हमलावरों पर फूल फेंकते? क्या हम वहां आरती की थाली लेकर खड़े रहते और कहते कि आइए, अब मुझे भी मार दीजिए? खान सर ने आगे भावुक होते हुए कहा कि कुछ लोग शायद यही चाहते हैं कि खान सर के फोटो के ऊपर फूलों की माला चढ़ जाए, लेकिन वे ऐसा होने नहीं देंगे.
सेल्फ डिफेंस में फायरिंग (Khan Sir security guard self defense)
घटना के समय पुलिस के पहुंचने में हुई देरी को लेकर भी खान सर ने व्यावहारिक बात कही. उन्होंने अपने गार्ड्स की कार्रवाई का पूरी तरह बचाव करते कहा कि हमें अच्छी तरह पता है कि पुलिस कोई सुपरमैन नहीं है जो उड़कर 5 मिनट में कहीं भी पहुंच जाएगी. पुलिस को घटनास्थल तक पहुंचने में स्वाभाविक रूप से समय लगता है. उन्होंने सवाल उठाया कि लोग अपने पास बॉडीगार्ड क्यों रखते हैं? गार्ड इसीलिए रखे जाते हैं ताकि जब अचानक जान पर बन आए, तो वे आपकी और आपकी संपत्ति की रक्षा कर सकें.
ये भी पढ़ें: 17 की हुई टीम हिमंत: किसके लिए खाली हैं 2 सीट? 4 नए चेहरों को मौका
खान सर ने साफ किया कि जब तक पुलिस नहीं आई थी, तब तक बॉडीगार्ड ने वही किया जो उसका फर्ज था. उन्होंने पूछा कि क्या मेरे गार्ड ने किसी निर्दोष आदमी पर गोली चलाई? क्या चोरों की तरह छिपकर फायरिंग की गई? बिल्कुल नहीं! जब गार्ड की खुद की जान खतरे में थी, तब पूरी तरह ‘सेल्फ डिफेंस में फायरिंग’ की गई.
क्या है पूरा मामला? (Khan Sir justified firing by his bodyguard)
गौरतलब है कि बीते दिनों खान सर के आवास पर अज्ञात बदमाशों द्वारा देर रात हमला किया गया था, जिसमें उनके सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए थे. स्थिति को नियंत्रित करने और खान सर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गार्ड्स को हवाई और आत्मरक्षार्थ फायरिंग करनी पड़ी थी. इस घटना के बाद से ही पटना में सुरक्षा व्यवस्था और खान सर की सेफ्टी को लेकर लगातार चर्चाएं गर्म हैं, जिस पर अब खान सर के इस क्लास रूम बयान ने सारे सस्पेंस को खत्म कर दिया है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




