Khargone Jail Escape Accused Arrested
Khargone Jail Escape Accused Arrested: मध्य प्रदेश के खरगोन जिला जेल से फरार हुए पॉक्सो एक्ट के सजायाफ्ता कैदी अरुण धुर्वे को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. जेल से फरार होने के चौथे दिन पुलिस टीम ने आरोपी को भसनेर के जंगलों से पकड़ने में सफलता हासिल की. आरोपी पिछले चार दिनों से लगातार अपनी लोकेशन बदलकर जंगलों में छिप रहा था. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था. आरोपी के पकड़े जाने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है.
बाथरूम की दीवार कूदकर हुआ था फरार
कोतवाली थाना प्रभारी बीएल मंडलोई के मुताबिक, गत 7 अक्टूबर को अदालत ने आरोपी अरुण धुर्वे को पॉक्सो एक्ट के मामले में 20 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई थी. इसके बाद आरोपी को खरगोन जिला जेल में रखा गया था. इसी दौरान वह जेल प्रहरियों को चकमा देकर बाथरूम की दीवार कूदकर फरार हो गया. घटना सामने आने के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था. फरार कैदी की तलाश के लिए तत्काल कार्रवाई शुरू की गई.
तीन पुलिस टीमें तलाश में जुटीं
आरोपी के फरार होने के बाद कोतवाली पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की थीं. पुलिस लगातार उसकी लोकेशन ट्रेस करने में जुटी थी. बताया जा रहा है कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपनी लोकेशन बदल रहा था और जंगलों में ठिकाना बनाकर छिप रहा था. चार दिनों तक लगातार तलाश के बाद पुलिस को उसकी सटीक लोकेशन मिली. इसके आधार पर टीम ने भसनेर के जंगलों में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया.
जेल प्रहरियों पर भी हुई कार्रवाई
कैदी के जेल से फरार होने के मामले में जेल प्रशासन ने भी कार्रवाई की है. घटना के बाद दो जेल प्रहरियों को निलंबित कर दिया गया, जबकि एक अन्य प्रहरी को नोटिस जारी किया गया है. अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर फरारी के दौरान उसकी गतिविधियों और ठिकानों के संबंध में जानकारी जुटा सकती है. इस गिरफ्तारी के साथ ही पिछले चार दिनों से चल रहा कैदी की तलाश का अभियान समाप्त हो गया है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




