नई दिल्ली: भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क द्वारा नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर (IIC) में आयोजित उर्दू पत्रकारिता कॉन्क्लेव ‘बज़्म-ए-सहाफ़त’ (Bazm-e-Sahafat) की गूंज लगातार सुनाई दे रही है. कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने के बाद अब केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने अपने आधिकारिक फेसबुक हैंडल पर एक विस्तृत पोस्ट साझा कर इस आयोजन की मुक्तकंठ से सराहना की है.
केंद्रीय मंत्री ने अपने पोस्ट में उर्दू पत्रकारिता की ऐतिहासिक भूमिका को रेखांकित करते हुए लिखा कि समाज को जागरूक करने, लोगों को जोड़ने और आवाम की आवाज बनने में उर्दू पत्रकारिता की बेहद समृद्ध और गौरवशाली परंपरा रही है.
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा:
“उर्दू पत्रकारिता के पास समाज को सूचित करने, लोगों को आपस में जोड़ने और विभिन्न समुदायों को आवाज देने की एक समृद्ध परंपरा है. ‘बज़्म-ए-सहाफ़त’ जैसे मंच इसके बदलते स्वरूप पर सार्थक चर्चा करने, नई संभावनाओं व अवसरों को अपनाने और भारत के विविधतापूर्ण मीडिया परिदृश्य में इसके योगदान को और अधिक मजबूत करने के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं.”
मंच पर मौजूद विशिष्ट हस्तियों का किया उल्लेख
किरेन रिजिजू ने अपने पोस्ट में कार्यक्रम के दौरान मंच साझा करने वाले गणमान्य अतिथियों का भी विशेष उल्लेख किया. उन्होंने बताया कि इस ऐतिहासिक सत्र में उनके साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन, पूर्व सांसद शाहिद सिद्दीकी, भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क के डायरेक्टर एवं ग्रुप मैनेजिंग एडिटर राधेश्याम राय, शिक्षा मंत्रालय के अधीन एनसीपीयूएल (NCPUL) के निदेशक डॉ. शम्स एकबाल, भारत एक्सप्रेस उर्दू के एडिटर एवं कॉन्क्लेव के संयोजक डॉ. खालिद रजा खान तथा अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थान राष्ट्रीय आयोग (NCMEI) के कार्यवाहक अध्यक्ष प्रोफेसर (डॉ.) शाहिद अख्तर उपस्थित रहे.
कॉन्क्लेव में रिजिजू के बयानों ने बटोरी थीं सुर्खियां
गौरतलब है कि कॉन्क्लेव के दौरान अपने संबोधन में भी किरेन रिजिजू ने उर्दू जुबान की मिठास, तहजीब और हिंदुस्तानी संस्कृति में इसके गहरे जुड़ाव पर दिल छू लेने वाली बातें कही थीं. उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा था कि “अगर किसी से सच्चा इश्क करना है और दिल की बात को सबसे खूबसूरत अंदाज में बयां करना है, तो उर्दू जुबान जरूर सीखनी चाहिए.”
केंद्रीय मंत्री द्वारा सोशल मीडिया पर इस आयोजन की सार्वजनिक रूप से सराहना किए जाने के बाद डिजिटल और प्रिंट मीडिया जगत में भारत एक्सप्रेस की इस अनूठी पहल की चौतरफा चर्चा हो रही है.
यह भी पढ़ें- ‘बाबूजी’ की उंगलियों ने दिया धोखा, कुर्सी छूटी और हाथ में आया चपरासी का पद! DM का करारा झटका; देखें VIDEO
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



