के. के. बिड़ला जयंती विशेष
KK Birla Birth Anniversary: भारतीय उद्योग जगत के दिग्गज कृष्णकुमार बिड़ला ने अपने जीवन में कारोबार से लेकर राजनीति तक कई बड़े दौर देखे. उनकी आत्मकथा में दर्ज दो ऐसे किस्से हैं, जो आज भी किस्से-कहानियों का हिस्सा बनते हैं. एक बार गिरफ्तारी की आशंका के चलते उन्हें देश छोड़कर पेरिस जाना पड़ा था, तो दूसरी बार उन्होंने संजय गांधी के मारुति प्रोजेक्ट में हिस्सेदार बनने का प्रस्ताव ठुकरा दिया था.
भारतीय उद्योग जगत के बड़े नामों में शामिल कृष्णकुमार बिड़ला, जिन्हें के.के. बिड़ला के नाम से जाना जाता है, का जन्म 11 नवंबर 1918 को राजस्थान के पिलानी में हुआ था. वे मशहूर उद्योगपति घनश्यामदास बिड़ला के बेटे थे.
गोपाष्टमी के दिन हुआ था जन्म
बताया जाता है कि के.के. बिड़ला का जन्म गोपाष्टमी के दिन हुआ था. भगवान कृष्ण से जुड़े इस पर्व के कारण उनका नाम कृष्णकुमार रखा गया. अपनी आत्मकथा Brushes with History में उन्होंने जन्मदिन से जुड़ी एक और खास बात का जिक्र किया है. उनके मुताबिक इसी दिन प्रथम विश्वयुद्ध की युद्धविराम संधि पर हस्ताक्षर हुए थे.
40 कंपनियों तक फैला था कारोबार
के.के. बिड़ला का कारोबार सिर्फ एक क्षेत्र तक सीमित नहीं था. उर्वरक, रसायन, भारी इंजीनियरिंग, कपड़ा, चीनी, जहाजरानी और मीडिया जैसे क्षेत्रों में उनका बड़ा दखल था. उनके समूह से करीब 40 कंपनियां जुड़ी थीं. जुआरी-चंबल समूह, टेक्समैको, ओध शुगर मिल्स, इंडिया स्टीमशिप और हिंदुस्तान टाइम्स मीडिया जैसे नाम उनके कारोबारी साम्राज्य का हिस्सा रहे.
कहा जाता है कि पिता घनश्यामदास बिड़ला की संपत्ति में उन्हें बहुत बड़ा हिस्सा नहीं मिला था. इसकी एक वजह परिवार में बेटियों का होना और बेटे का नहीं होना बताई जाती है. उनकी तीन बेटियां नंदिनी नोपानी, ज्योत्स्ना पोद्दार और शोभना भरतिया हैं.
जब गिरफ्तारी के डर से जाना पड़ा पेरिस
के.के. बिड़ला की आत्मकथा में 1977 का एक दिलचस्प राजनीतिक प्रसंग दर्ज है. उस साल जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद तत्कालीन गृहमंत्री चौधरी चरण सिंह ने इंदिरा गांधी के करीबी माने जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी. इस सूची में के.के. बिड़ला का नाम भी शामिल था.
आत्मकथा के मुताबिक उनकी कंपनियों ने कांग्रेस की स्मारिकाओं में विज्ञापन दिए थे और चुनावी काम के लिए पार्टी को कुछ जीपें भी दी थीं. इसी वजह से उन पर कार्रवाई की आशंका जताई जा रही थी.
बिड़ला ने इस मामले में जयप्रकाश नारायण से मदद मांगी, लेकिन बात नहीं बनी. इसके बाद तत्कालीन विदेश मंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने उनकी मदद की. बताया जाता है कि वाजपेयी के दखल से उनका पासपोर्ट जब्त होने से बच गया. गिरफ्तारी की योजना से कुछ हफ्ते पहले वाजपेयी ने उन्हें इसकी जानकारी दे दी. इसके बाद बिड़ला भारत छोड़कर पेरिस चले गए. कुछ महीने बाद वाजपेयी से हरी झंडी मिलने पर वे वापस लौटे.
संजय गांधी के मारुति प्रोजेक्ट को कर दिया था मना
के.के. बिड़ला की आत्मकथा में संजय गांधी के मारुति प्रोजेक्ट से जुड़ा एक और किस्सा मिलता है. संजय गांधी की जनता कार योजना जब आगे नहीं बढ़ पा रही थी, तब उन्होंने बिड़ला से कंपनी में हिस्सेदार बनने और पूंजी लगाने का प्रस्ताव रखा था.
लेकिन बिड़ला को यह योजना व्यावहारिक नहीं लगी. उन्हें लगा कि इस प्रोजेक्ट को बड़े स्तर पर शुरू करने के लिए भारी निवेश की जरूरत होगी. उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से भी कहा था कि उनका बेटा एक अव्यावहारिक योजना पर काम कर रहा है.
राजनीति से शिक्षा तक रहा योगदान
के.के. बिड़ला ने कारोबार के साथ राजनीति और सामाजिक संस्थाओं में भी सक्रिय भूमिका निभाई. वे 1984 में कांग्रेस से जुड़े और 1984 से 2002 तक राज्यसभा के सदस्य रहे. वे 1980 और 2004 में प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली राष्ट्रीय एकता परिषद के सदस्य भी बनाए गए.
शिक्षा के क्षेत्र में उनका जुड़ाव खास तौर पर बिट्स पिलानी से रहा. वे संस्थान के चांसलर थे. इसके अलावा उन्होंने के.के. बिड़ला अकादमी की स्थापना की, जो वैज्ञानिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विषयों पर शोध को बढ़ावा देती है. बिट्स पिलानी के गोवा कैंपस का नाम भी उनके नाम पर रखा गया है.
गांधी से मनमोहन सिंह तक से रहे संपर्क
के.के. बिड़ला की आत्मकथा में महात्मा गांधी, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, मदन मोहन मालवीय और जयप्रकाश नारायण जैसे बड़े नेताओं के साथ उनके संपर्कों का जिक्र मिलता है. पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने उनकी आत्मकथा का विमोचन किया था. इस मौके पर उन्होंने कहा था कि 1991 के आर्थिक सुधारों का समर्थन करने वाले उद्योगपतियों में के.के. बिड़ला भी शामिल थे.
ये भी पढ़ें- बाबा केदार के कपाट बंद, 19.5 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन; ऊखीमठ रवाना हुई पंचमुखी डोली
30 अगस्त 2008 को कोलकाता में उनका निधन हो गया. इसके बाद 2009 में भारत सरकार ने उनके सम्मान में डाक टिकट जारी किया. उद्योग, राजनीति और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के साथ-साथ उनकी आत्मकथा के ये किस्से भी उन्हें चर्चा में बनाए रखते हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


