Bharat Express DD Free Dish

जानिए मायावती ने आकाश आनंद को क्यों सभी पदों से हटाया, इनसाइड स्टोरी

मायावती ने आकाश आनंद को पार्टी से हटाने का कारण बताया कि उनके ससुर अशोक सिद्धार्थ के प्रभाव से पार्टी में गुटबाजी फैल रही थी, जो पार्टी के हित में नहीं था.

Mayawati

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती ने आकाश आनंद को पार्टी के सभी पदों से हटा दिया है. इस फैसले को लेकर मायावती ने खुद खुलासा किया और बताया कि आकाश आनंद को पार्टी से बाहर करने का कारण उनके ससुर अशोक सिद्धार्थ से संबंधित विवाद है. बसपा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में मायावती ने इस कदम के पीछे की पूरी वजह को स्पष्ट किया.

आकाश आनंद और अशोक सिद्धार्थ के संबंधों का प्रभाव

मायावती ने कहा, “आकाश आनंद की शादी अशोक सिद्धार्थ की बेटी से हुई है और अब अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से बाहर करने के बाद यह महत्वपूर्ण है कि हम यह समझें कि आकाश आनंद पर उनकी पत्नी और ससुर का कितना प्रभाव पड़ता है.” उन्होंने कहा कि यह स्थिति पार्टी और मूवमेंट के लिए सकारात्मक नहीं हो रही थी, और ऐसे में आकाश आनंद को पार्टी की जिम्मेदारियों से हटा दिया गया है. मायावती ने आरोप लगाया कि उनके ससुर अशोक सिद्धार्थ ने आकाश के राजनीतिक करियर को नुकसान पहुंचाया है.

अशोक सिद्धार्थ का निष्कासन

मायावती ने आगे कहा कि अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से बाहर करने का निर्णय उन्होंने मान्यवर कांशीराम के बताए पदचिन्हों पर लिया. उन्होंने आरोप लगाया कि अशोक सिद्धार्थ पार्टी में दो गुटों को बनाने का घिनौना कार्य कर रहे थे, जिससे पार्टी की एकता पर गंभीर संकट था. मायावती ने कहा अशोक सिद्धार्थ की वजह से पार्टी में गुटबाजी फैल रही थी, जिसे हम कतई बर्दाश्त नहीं कर सकते थे.

आनंद कुमार को पार्टी में अहम जिम्मेदारी

मायावती ने इस दौरान पार्टी के सदस्य आनंद कुमार की तारीफ भी की. उन्होंने कहा कि आनंद कुमार ने कभी भी पार्टी के कार्यों में उन्हें निराश नहीं किया और वे हमेशा पार्टी के प्रति निष्ठावान रहे हैं. इसके बाद, सभी की सहमति से उन्हें पार्टी का नेशनल कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है. इसके साथ ही, वह पार्टी उपाध्यक्ष का जिम्मा भी संभालते रहेंगे.

मायावती का यह कदम पार्टी में आंतरिक मामलों को सुलझाने और उसे मजबूत बनाने के उद्देश्य से लिया गया प्रतीत होता है. आकाश आनंद को हटाने और अशोक सिद्धार्थ को निष्कासित करने के बाद, अब बसपा के नेता और कार्यकर्ताओं में एक नई ऊर्जा का संचार होने की उम्मीद जताई जा रही है.


ये भी पढ़ें: बसपा में बड़ा फेरबदल: आकाश आनंद हटे, अब मायावती के भाई को मिली बड़ी जिम्मेदारी, पार्टी में 2 नेशनल कोऑर्डिनेटर


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read