मनजीत सिंह, श्रीगंगानगर
Lawrence Bishnoi Gang: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर से एक बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस जांच में सामने आया है कि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह श्रीगंगानगर और आसपास के इलाकों में रंगदारी का नेटवर्क चला रहा था. यह गिरोह जोधपुर से लेकर पंजाब तक धमकियां देकर वसूली करता था. मामले की गंभीरता को देखते हुए श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जोधपुर और बीकानेर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को जांच की जिम्मेदारी दी गई है.
91 लाख रुपए नकद बरामद
जांच में पता चला कि जोधपुर से करीब 1 करोड़ रुपए की रंगदारी की रकम रायसिंहनगर लाई जा रही थी. इसी दौरान पुलिस ने विजयनगर रोड पर नाकेबंदी कर एक लग्जरी कार से 91 लाख रुपए नकद बरामद किए. कार में बैठे तीन युवक केवल कैरियर के रूप में काम कर रहे थे और उन्हें यह रकम रायसिंहनगर के पास एक गांव में पहुंचानी थी.
विदेश से धमकियां दिलवाते थे सदस्य
पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य विदेश से धमकियां दिलवाते थे और रंगदारी की रकम वसूली जाती थी. जोधपुर से वसूली गई रकम रायसिंहनगर के रास्ते पंजाब भेजी जानी थी लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकदी जब्त कर ली.
पुलिस गिरफ्त में संदिग्धों
जांच के दौरान पुलिस ने पंजाब के फाजिल्का क्षेत्र, जोधपुर, रायसिंहनगर के सावंतसर और कामावास गांव, तथा हनुमानगढ़ के कई संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया. अब तक सात युवकों से पूछताछ की गई है. श्रीगंगानगर की एसपी डॉ. अमृता दुहन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि कुलदीप, रामसरूप, अमन और योगेश को गिरफ्तार किया गया है और आगे जांच जारी है. उन्होंने संकेत दिए कि इस केस में और भी चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं.
ये भी पढ़ें-नए साल पर दिल्ली में डबल मर्डर, इलाके में दहशत का माहौल
हाई प्रोफाइल मामले की जांच के चलते थाने में आम लोगों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है. विभिन्न जिलों से आए पुलिस अधिकारी और जांच एजेंसियों की मौजूदगी के कारण फरियादियों की सुनवाई थाने के बाहर ही की गई.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
