Bharat Express DD Free Dish

‘आर्थिक सुधारों के शिल्पकार’ अरुण जेटली को जयंती पर सीएम योगी समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली की जयंती पर देशभर के प्रमुख नेताओं ने उन्हें याद कर श्रद्धांजलि अर्पित की. इन नेताओं ने अरुण जेटली को एक कुशल वक्ता, कानूनी विशेषज्ञ और आर्थिक सुधारों के वास्तुकार के रूप में याद किया है.

leaders paid tribute to Arun Jaitley
Edited by Vaibhav Gupta

पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली की जयंती पर देशभर के प्रमुख नेताओं ने उन्हें याद कर श्रद्धांजलि अर्पित की. इन नेताओं ने अरुण जेटली को एक कुशल वक्ता, कानूनी विशेषज्ञ और आर्थिक सुधारों के वास्तुकार के रूप में याद किया है.

उनके योगदान के लिए उन्हें याद किया जाएगा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “अरुण जेटली की जयंती पर उन्हें याद कर रहे हैं. एक बेजोड़ संवैधानिक और कानूनी विशेषज्ञ और बेहतरीन वक्ता ने एक सांसद के तौर पर एक अमिट विरासत छोड़ी है और कई अहम कानूनी मामलों में उनके योगदान के लिए उन्हें याद किया जाएगा. अपनी तेज कानूनी समझ से पार्टी को मजबूत बनाने में उनकी समर्पित भूमिका हमेशा ज़िंदा रहेगी, जो समय की हर कसौटी पर खरी उतरेगी.”

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पोस्ट में लिखा, “पूर्व केंद्रीय मंत्री पद्म विभूषण अरुण जेटली की जयंती पर उन्हें अभिवादन.”

‘पद्म विभूषण’ अरुण जेटली को विनम्र श्रद्धांजलि

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा, “पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री ‘पद्म विभूषण’ अरुण जेटली की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि. राष्ट्र के आर्थिक सशक्तिकरण और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में उनके योगदान अविस्मरणीय और प्रेरणास्पद हैं.”

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक्स पोस्ट में लिखा, “पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्व० अरूण जेटली की जयंती पर उन्हें सादर नमन.”

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लिखा, “पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली की जयंती पर सादर नमन करता हूं. विधि, खेल, शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उनके अविस्मरणीय योगदान के लिए राष्ट्र सदैव कृतज्ञ रहेगा.”

सबसे बेहतरीन सांसदों में से एक

भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बेंगलुरु दक्षिण से सांसद तेजस्वी सूर्या ने एक्स पोस्ट में लिखा, “पूर्व केंद्रीय मंत्री और पद्म विभूषण स्वर्गीय अरुण जेटली को उनकी 73वीं जयंती पर याद कर रहे हैं. वह सबसे बेहतरीन सांसदों में से एक थे और बीजेपी के लिए एक मार्गदर्शक शक्ति थे, उन्होंने देश के लिए कई बड़े आर्थिक सुधारों की शुरुआत की, जिसमें जीएसटी सिस्टम को लागू करना भी शामिल है. उनके मूल्य आज भी हमारा मार्गदर्शन करते हैं.”

महान चिंतक व कुशल संगठनकर्ता

भाजपा सांसद रवि किशन ने लिखा, “भारत की प्रगति व सर्वांगीण विकास के लिए आजीवन समर्पित रहने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता, लोकप्रिय अर्थशास्त्री, महान चिंतक, कुशल संगठनकर्ता, भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य, प्रखर वक्ता व प्रख्यात अधिवक्ता एवं देश के पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन. राष्ट्र निर्माण में आपके द्वारा दिए गए अमूल्य योगदान को सदैव याद किया जाएगा.”

ये भी पढ़ें: अमित शाह का 15 दिन का चुनावी दौरा, चार राज्यों में BJP की रणनीति होगी तय

-भारत एक्सप्रेस

नोट- यह खबर एजेंसी (IANS) फीड से सीधे पब्लिश की गई है. इसमें किसी भी जानकारी को नहीं बदला गया है. खबर को पढ़ने लायाक बनाने के लिए लिए केवल हेडलाइन बदली गई है. वहीं पैराग्राफ से पहले सबहेड जोड़े गए हैं. इस स्टोरी को लेकर भारत एक्सप्रेस की किसी भी तरह की नैतिक जिम्मेदारी नहीं होगी.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read