Bharat Express DD Free Dish

आंगन से गायब हुआ मासूम, जंगल में मिली लाश! नवसारी की इस वारदात से दहल उठे लोग; देखें VIDEO

Leopard Attack: यूपी के बहराइच में दो तेंदुओं की चहलकदमी से दहशत का माहौल है, तो गुजरात के नवसारी में तेंदुए ने 3 साल के मासूम को मौत के घाट उतार दिया.

गुजरात के नवसारी में तेंदुए ने बच्चे को शिकार बनाया, वहीं यूपी के बहराइच में CCTV में कैद हुए दो तेंदुओं से ग्रामीणों में दहशत.

(PC: भारत एक्सप्रेस)

Leopard Attack: देश के दो अलग-अलग राज्यों से तेंदुए के हमले और आतंक की सनसनीखेज खबरें सामने आई हैं. गुजरात के नवसारी में जहां तेंदुए ने एक मासूम बच्चे की जान ले ली, वहीं यूपी के बहराइच में दो तेंदुओं की गांव में चहलकदमी से लोग दहशत के साये में जीने को मजबूर हैं.

गुजरात के नवसारी में तेंदुए के हमले से 3 साल के बच्चे की मौत हो गई, जहां 5 टीमें सर्च ऑपरेशन में जुटी हैं. दूसरी ओर, यूपी के बहराइच में दो तेंदुओं की चहलकदमी CCTV में कैद होने से ग्रामीण दहशत में हैं, जिन्हें पकड़ने के लिए वन विभाग मुस्तैदी से जुटा हुआ है.

गुजरात में दर्दनाक हादसा: मासूम को खींच ले गया तेंदुआ

गुजरात के नवसारी जिले के भिनार गांव में एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है. यहां एक आदमखोर तेंदुए ने घर के पास मौजूद 3 साल के मासूम बच्चे पर अचानक हमला कर दिया और उसे खींचकर ले गया. इस हमले में बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है. तेंदुए को पकड़ने के लिए रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर (RFO) की अगुवाई में वन विभाग की 5 अलग-अलग टीमें लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं.

यूपी के बहराइच में दहशत: CCTV में कैद हुए दो तेंदुए

उधर, उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में भी तेंदुए का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. रिहायशी और आबादी वाले इलाकों में एक साथ 2 तेंदुओं की दस्तक से ग्रामीणों में भारी दहशत है. रात के अंधेरे में गांव की गलियों में चहलकदमी करते तेंदुओं की तस्वीरें CCTV कैमरे में कैद हो गई हैं. तेंदुए की मौजूदगी के कारण ग्रामीण रात-रात भर जागकर अपने घरों और मवेशियों की रखवाली करने को मजबूर हैं.

वन विभाग का अलर्ट और रेस्क्यू ऑपरेशन

बहराइच में बढ़ते खतरे को देखते हुए धर्मपुर सब-डिविजन के ACF भागीरथ सिंह झाला ने बयान जारी कर बताया कि सूचना मिलते ही फॉरेस्ट ऑफिसर और वन कर्मियों की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई है. अधिकारी के मुताबिक, तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए हर मुमकिन कोशिश की जा रही है और गश्त बढ़ा दी गई है. वन विभाग ने स्थानीय लोगों को सतर्क रहने और अकेले बाहर न निकलने की सलाह दी है.

यह भी पढ़ें-रतलाम में नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोपी की पेड़ से बांधकर धुनाई, माफी की गुहार लगाता रहा शिक्षक, बरसती रहीं चप्पलें

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read