Bharat Express DD Free Dish

LoC पर PAK ने लगातार तीसरे दिन सीजफायर उल्लंघन किया, भारतीय सेना ने भी की जवाबी गोलीबारी; कश्मीर में अब तक 9 आतंकियों के घर तबाह

Pakistan Firing On LoC: भारत के विरुद्ध पाकिस्‍तान की करतूतें तेज होती जा रही हैं. उसकी ओर से बिना उकसावे के LOC पर लगातार तीसरे दिन फायरिंग की गई है.

Pakistan Firing On LoC

फोटो: भारत पाक का सीमावर्ती इलाका

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

Pakistan Firing On LoC: पहलगाम में भीषण आतंकी हमला कराने के बाद भी पाकिस्तान हरकतों से बाज नहीं आ रहा. भारत के विरुद्ध पाकिस्‍तानी सेना की ओर से सोशल मीडिया से लेकर जमीनी स्‍तर तक कुकृत्य रचे जा रहे हैं. पाक सेना ने लगातार तीसरे दिन बिना उकसावे के एलओसी पर फायरिंग की है.

ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्‍तानी सेना ने 26-27 अप्रैल की रात जम्मू-कश्मीर के टूटमारी गली और रामपुर सेक्टर में एलओसी पार से बिना किसी उकसावे के हथियारों से फायरिंग की. भारतीय सेना ने भी इसका करारा जवाब दिया और कहा कि हमने ‘उचित हथियारों से दुश्‍मन को प्रभावी प्रतिक्रिया’ दी है.

कश्मीर में हाई अलर्ट, सेना का सर्च ऑपरेशन तेज

22 अप्रैल को हुए भयावह पहलगाम आतंकी हमले के बाद, जिसमें 26 निर्दोष लोगों की जान गई थी, घाटी में सुरक्षा बलों की मुहिम तेज हो गई है. इसी के तहत कुलगाम जिले में एक संयुक्त अभियान के दौरान पुलिस, सेना और सीआरपीएफ ने दो संदिग्ध आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया है.

कुलगाम में दो संदिग्‍ध गिरफ्तार, हथियार बरामद

थोकरपोरा, काइमोह के मटलहामा चौक पर स्थापित एक चेकपोस्ट पर दो व्यक्तियों को पकड़ा गया. इनकी पहचान बिलाल अहमद भट और मोहम्मद इस्माइल भट के रूप में हुई है. इनके पास से दो पिस्तौल, दो मैगजीन और 25 राउंड बरामद किए गए हैं.

पहलगाम हमले के गुनहगार का घर ध्वस्त किया

सुरक्षा एजेंसियों और जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने पहलगाम आतंकी हमले के संदिग्ध जाकिर अहमद गनी का कुलगाम जिले के मटलहामा गांव स्थित घर गिरा दिया. अधिकारियों का कहना है कि गनी 2023 से सक्रिय था. अब तक सेना ने 9 आतंकियों के घर ब्लास्ट करके गिराए हैं. 9वें आतंकी अदनान शफी का घर बांदीपोरा में था, जिसे सुरक्षाबलों ने आज गिरा दिया है.

ये भी पढ़ें: India Pakistan Tension: सिंधु जल संधि निलंबन के बाद POK में हाहाकार, Pak मीडिया ने लिखा— भारत ने बाढ़ ला दी, इमरजेंसी घोषित

  • भारत एक्सप्रेस 


इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Latest