Locket Chatterjee
Locket Chatterjee: पश्चिम बंगाल की नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक के बाद भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने कई मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या, एसआईआर विवाद और प्रधानमंत्री मोदी की अपील पर भी बयान दिया.
मीडिया से बातचीत में लॉकेट चटर्जी ने कहा कि पिछले कई वर्षों से बंगाल में घुसपैठ का मुद्दा गंभीर बना हुआ था. भाजपा लगातार इस मुद्दे को उठाती रही है. उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में घुसपैठिए आने की वजह से पश्चिम बंगाल देश के लिए चिंता का विषय बन गया था.
उन्होंने बताया कि सरकार बनने के बाद सबसे पहले बॉर्डर सुरक्षा को लेकर फैसला लिया गया है. अब बंगाल सीमा पर फेंसिंग मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा. लॉकेट चटर्जी ने कहा कि अब तक सीमा पार से लोगों का आना-जाना काफी आसान था, लेकिन नई सरकार इस पर सख्ती से काम करेगी. उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल को बाहरी ताकतों के भरोसे नहीं चलने दिया जाएगा.
बंगाल में नहीं चल रहा आयुष्मान कार्ड
उन्होंने कहा कि हर जगह आयुष्मान कार्ड चल रहा है, लेकिन यहां नहीं था. यहां के लोग बड़ी संख्या में बाहर रहते हैं, लेकिन राज्य सरकार का कार्ड उनके काम नहीं आता था. आयुष्मान कार्ड पूरे भारत में काम करता है. दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की सरकार गई तो वहां आयुष्मान कार्ड शुरू कर दिया गया और बंगाल में भी पहली कैबिनेट बैठक में आयुष्मान योजना शुरू करने का फैसला लिया गया.
सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या को लेकर उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द कार्रवाई होनी चाहिए और जो भी शूटर थे, उनके खिलाफ कड़ी और त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए.
भ्रष्टाचार से परेशान थी बंगाल की जनता
उन्होंने टीएमसी पर आरोप लगाया कि वे लोग घुसपैठियों के वोटों से जीतते आ रहे थे, लेकिन पश्चिम बंगाल की जनता ने इस बार भाजपा का साथ दिया है क्योंकि जनता यहां हुए भ्रष्टाचार से परेशान थी. लोगों के मन में ऐसी भावना है, जैसे उन्हें आजादी मिल गई हो. पहली आजादी 1947 में मिली थी और अब लोग खुद को आजाद महसूस कर रहे हैं.
लॉकेट चटर्जी ने कहा कि लियोनेल मेसी के इवेंट के दौरान पश्चिम बंगाल की बहुत बदनामी हुई थी. कई खिलाड़ियों ने यहां आने से भी इनकार कर दिया था. इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. इस मामले में जो भी दोषी सामने आए, उसे जेल होनी चाहिए, भले ही वह पूर्व मंत्री ही क्यों न हो.
ये भी पढ़ें- नासिक TCS केस की आरोपी HR निदा खान को लगा बड़ा झटका, कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
प्रधानमंत्री द्वारा विदेशों पर निर्भरता कम करने की अपील पर उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में जो समस्याएं चल रही हैं, उस हिसाब से उनकी सलाह माननी चाहिए. वह हमारे अभिभावक हैं. देश के हित के लिए हमें उनकी सलाह माननी चाहिए.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





