चंडीगढ़ के सेक्टर-37 में स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर मंगलवार शाम करीब 5 बजे जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी. यह धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग और राहगीर भयभीत हो गए. धमाके की खबर मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और फोरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी.
धमाके की वजह से कार्यालय की कई खिड़कियों के शीशे टूट गए, वहीं पास खड़ी गाड़ियों और इमारतों की दीवारों पर छर्रों के निशान भी दिखाई दिए. राहगीर और स्थानीय लोग चौंक गए, कई लोग अपने घरों और दुकानों की ओर भागते नजर आए.
पंजाब भाजपा के मीडिया प्रभारी विनीत जोशी ने बताया,
“हमने शाम करीब 5 बजे धमाके जैसी आवाज सुनी. कुछ खिड़कियों के शीशे टूट गए हैं और कुछ वाहनों व दीवारों पर छर्रों के निशान देखे जा सकते हैं. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और धमाके का सही कारण वही बता पाएगी.”
धमाके से इलाके में दहशत का माहौल
स्थानीय पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं. पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है ताकि पता चल सके कि घटना से पहले या बाद में कोई संदिग्ध गतिविधि हुई या नहीं. पुलिस ने पूरे चंडीगढ़ में अलर्ट जारी कर दिया है और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है.
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि धमाके के असली कारण का पता लगाना अभी बाकी है. शुरुआती अनुमान के मुताबिक, घटना में मोटरसाइकिल सवार कुछ लोग शामिल हो सकते हैं, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
पुलिस ने पूरे इलाके में निगरानी बढ़ाई
धमाके से कई गाड़ियों को नुकसान हुआ है और मौके पर टूटे हुए पार्ट्स और निशान साफ दिखाई दे रहे हैं. हालांकि किसी को कोई चोट नहीं पहुंची, लेकिन धमाके की आवाज और नुकसान ने इलाके में खौफ का माहौल बना दिया है. पुलिस जांच के साथ ही इलाके में सुरक्षा कड़ी कर रही है और जल्द ही धमाके के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास कर रही है.
ये भी पढ़ें: मुंद्रा से कोलंबो तक अदाणी का डंका! 500 मिलियन टन का बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, जानें कैसे बदली भारत के व्यापार की तस्वीर?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



