Bharat Express DD Free Dish

Deoria News: आर्केस्ट्रा में डांस करते-करते दो लड़कियों के बीच परवान चढ़ी मोहब्बत…रचा ली शादी

UP News: पश्चिम बंगाल की रहने वाली लड़कियां तीन साल से एक साथ आर्केस्ट्रा में डांस कर रही थीं. इसी दौरान दोनों में प्यार हो गया और फिर मंदिर में शादी कर ली.

फोटो-सोशल मीडिया

Vikash Jha Edited by Vikash Jha

Deoria News: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में 2 लड़कियों को आर्केस्ट्रा में डांस करते-करते इस कदर मोहब्बत हुई कि, दोनों ने दुनिया की परवाह किए बिना शादी रचा डाली. इस सम्बंध में वायरल तस्वीरों में साफ दिखाई दे रहा है कि एक लड़की दुल्हा बनी है और एक दुल्हन की ड्रेस पहने है. ये खबर देवरिया से लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है. दोनों ने मंदिर में पूरे विधि-विधान से शादी कर ली है.

खबर सामने आ रही है कि, दोनों लड़कियां देवरिया के चनुकी में स्थित आर्केस्ट्रा में 3 साल से काम करती थीं. इस दौरान के बीच पहले तो सहेली वाली दोस्ती थी, लेकिन फिर दोनों के बीच प्यार हो गया. इस पर दोनों ने शादी करने का निर्णय कर लिया. बताया जा रहा है कि, दोनों ने सलेमपुर के मझौली राज में स्थित भगड़ा भवानी मंदिर में सोमवार को एक दूसरे के साथ शादी कर ली है. स्थानीय पंडित ने दोनों की शादी कराई है.

दोनों लड़कियां पश्चिम बंगाल की रहने वाली बताई जा रही हैं. एक लड़की का नाम जयश्री राउल है जो कि 24 परगना वेस्ट बंगाल की रहने वाली है तो वहीं दूसरी लड़की का नाम राखी दास है, जिसकी उम्र 23 साल है और वह अक्षयनगर रिफ्यूजी कालोनी साउथ 24 परगना वेस्ट बंगाल की रहने वाली है. फिलहाल देवरिया के मंदिर में शादी के दौरान दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खाईं.

ये भी पढ़ें- Ayodhya Ram Mandir: राम लला की प्राण-प्रतिष्ठा में बड़ी संख्या में पहुंचेंगे VVIP, 40 से ज्यादा चार्टर्ड प्लेन के लिए मांगी गई अनुमति

शादी के लिए खरीदा स्टाम्प पेपर

बता दें कि लार थाना क्षेत्र के मठ वार्ड के भेड़िया टोला के रहने वाले मुन्ना पाल लार ब्लॉक के चनुकी बाजार में आर्केस्ट्रा चलाते हैं. उनके आर्केस्ट्रा में ही दोनों लड़कियां पिछले 3 साल से डांस करती थीं. तो वहीं बताया जा रहा है कि, 30 दिसंबर को आर्केस्ट्रा संचालक और उसके कुछ साथी मझौली राज के दीर्घेश्वर नाथ मंदिर पहुंचे थे. इस दौरान दोनों युवतियों ने शादी करने की बात कही थी.

लोगों का कहना है कि, लड़कियों की शादी को लेकर मंदिर के महंत जगरनाथ महाराज ने उच्च अधिकारियों की अनुमति न होने का हवाला देकर मना कर दिया था और दोनों को लौटा दिया था तो वहीं दोनों मायूस हो गई थीं. मीडिया सूत्रों के मुताबिक दोनों ने फिर भाटपाररानी तहसील जाकर शादी के लिए स्टांप पेपर खरीदा और दावा किया कि, दोनों एक-दूसरे से बहुत प्रेम करती हैं और एक साथ पति-पत्नी की तरह जिंदगी बिताना चाहती हैं. इसीलिए दोनों ने मंदिर में शादी कर ली है. इसी के साथ युवतियों ने ये भी बताया कि, दोनों के फैसले की जानकारी उनके परिजनों को भी है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read