Bharat Express DD Free Dish

लुधियाना में बड़ा हादसा टला: किचलू नगर में अचानक धंसी सड़क, कई फीट गहरे गड्ढे से मची अफरा-तफरी

लुधियाना के पॉश इलाके किचलू नगर में बुधवार को सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस जाने से गहरा गड्ढा बन गया. गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तुरंत ऐक्शन लिया और ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया.

Ludhiana, Punjab

Ludhiana News: पंजाब के लुधियाना से एक चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है. शहर के पॉश इलाके किचलू नगर में बुधवार को अचानक सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंस गया जिससे वहां कई फीट गहरा गड्ढा बन गया. गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई लेकिन स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने तुरंत एक्शन लेते हुए पास ही बने एक घर को खाली करवा दिया और उस रास्ते पर पूरी तरह ट्रैफिक रोक दिया.

अचानक कैसे धंसी सड़क?

घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम लुधियाना के कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने तुरंत मौके का दौरा किया. उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया कि इस पूरे मामले की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है. शुरुआती जांच में इंजीनियर्स का मानना है कि सीवर लाइन के पास ऑप्टिकल फाइबर केबल डालने के काम की वजह से यह हादसा हुआ है.

कमिश्नर ने साफ कहा कि अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि ये केबल कब बिछाई गई थीं चाहे 6 महीने पहले या 3 साल पहले. लेकिन आशंका जताई जा रही है कि केबल डालने के चक्कर में पास का कोई मैनहोल या सीवर लाइन डैमेज हो गई होगी. धीरे-धीरे वहां से लीकेज शुरू हुई जिससे मिट्टी का कटाव हुआ और देखते ही देखते सड़क बैठ गई. उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर जांच में कोई दोषी पाया जाता है तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें- 

लोगों की सुरक्षा सबसे पहले

प्रशासन ने खतरे को भांपते हुए सड़क के उस धंसे हुए हिस्से को पूरी तरह असुरक्षित घोषित कर दिया है. साथ ही उसके बिल्कुल पास बने घर के लोगों को सुरक्षित जगह पर जाने और घर खाली करने के निर्देश दे दिए गए हैं ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read