Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

महाशिवरात्रि पर ऐतिहासिक समापन… महाकुंभ 2025 में 66 करोड़ श्रद्धालु, बना विश्व रिकॉर्ड- जानिए क्यों ये आयोजन रहा अभूतपूर्व?

प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ-2025 का समापन महाशिवरात्रि के पावन स्नान के साथ भव्य और दिव्य रूप में संपन्न हुआ.

Mahakumbh 2025
Edited by Akansha

प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ-2025 का समापन महाशिवरात्रि के पावन स्नान के साथ भव्य और दिव्य रूप में संपन्न हुआ. बुधवार को महाशिवरात्रि के अवसर पर 1.5 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया, जिससे इस ऐतिहासिक आयोजन का समापन और भी विशेष बन गया.

इस ऐतिहासिक आयोजन के सफल समापन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी खुशी जाहिर की और इसे विश्व इतिहास में अभूतपूर्व एवं अविस्मरणीय बताया. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक पोस्ट के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में संपन्न इस महायज्ञ की सफलता पर संतोष व्यक्त किया.

सीएम योगी का संदेश: महाकुंभ बना आस्था, एकता और समरसता का प्रतीक

सीएम योगी ने अपने पोस्ट में लिखा-

“आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में आयोजित मानवता का ‘महायज्ञ’, आस्था, एकता और समता का महापर्व महाकुम्भ-2025, प्रयागराज आज महाशिवरात्रि के पवित्र स्नान के साथ ही अपनी पूर्णाहुति की ओर अग्रसर है.”

उन्होंने आगे कहा-

“13 जनवरी, पौष पूर्णिमा से प्रारंभ महाकुम्भ-2025, प्रयागराज में आज 26 फरवरी, महाशिवरात्रि की तिथि तक कुल 45 दिवसों में 66 करोड़ 21 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पावन त्रिवेणी में स्नान का पुण्य लाभ प्राप्त किया. विश्व इतिहास में यह अभूतपूर्व है-अविस्मरणीय है.”

मुख्यमंत्री ने महाकुंभ के सफल आयोजन के लिए संत समाज, अखाड़ों, महामंडलेश्वरों, धर्माचार्यों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन संपूर्ण विश्व को एकता और समरसता का संदेश दे रहा है.

सभी सहयोगियों को सीएम योगी ने दिया धन्यवाद

महाकुंभ के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज वासियों के धैर्य और अतिथि-सत्कार की विशेष सराहना की. उन्होंने कहा-

“महाकुंभ मेला प्रशासन, स्थानीय प्रशासन, पुलिस प्रशासन, स्वच्छताकर्मियों, गंगा दूतों, स्वयंसेवी संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, नाविकों तथा महाकुंभ से जुड़े केंद्र एवं प्रदेश सरकार के सभी विभागों सहित प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी महानुभावों व संस्थाओं को साधुवाद. विशेष रूप से प्रयागराज वासियों का धन्यवाद, जिनके धैर्य एवं आतिथ्य सत्कार ने सबको सम्मोहित किया.”

महाकुंभ-2025 ने बनाया नया विश्व रिकॉर्ड

महाकुंभ-2025 ने एक नया इतिहास रच दिया है. 45 दिनों के भीतर 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने पावन संगम में डुबकी लगाई, जो अपने आप में एक विश्व रिकॉर्ड है. यह संख्या इतनी विशाल है कि यह भारत और चीन की कुल जनसंख्या के लगभग बराबर है.

अब तक किसी भी धार्मिक, सांस्कृतिक या अन्य आयोजन में इतनी बड़ी भीड़ एकत्रित नहीं हुई है. सऊदी अरब में हज के दौरान हर साल करीब 25 लाख मुस्लिम तीर्थयात्री मक्का पहुंचते हैं, जबकि इराक में होने वाले अरबईन में दो दिनों में करीब 2 करोड़ तीर्थयात्री शामिल होते हैं. इन आंकड़ों की तुलना में महाकुंभ-2025 का आयोजन अपने आप में ऐतिहासिक और अद्वितीय रहा.


इसे भी पढ़ें- Mahakumbh 2025: आस्था, भक्ति और सनातन संस्कृति का भव्य उत्सव हुआ संपन्न, 66 करोड़ श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital