बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के जन्मदिन के खास मौके पर अयोध्या से उनके लिए एक बेहद आत्मीय और शुभकामनाओं भरा संदेश भेजा गया है. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष और श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के प्रमुख परम पूज्य महंत नृत्य गोपाल दास जी महाराज ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को एक विशेष बधाई पत्र लिखकर उन्हें जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं और अपना शुभाशीर्वाद प्रदान किया है. 16 नवंबर 2026 को जारी किए गए इस पत्र के माध्यम से महाराज जी ने प्रभु श्रीराम और श्रीकृष्ण से सम्राट चौधरी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यश की कामना की है. इस अवसर पर जानकी दास जी महाराज भी विशेष रूप से उपस्थित रहे.
सुशासन के नए आयाम स्थापित होने का जताया विश्वास
महंत नृत्य गोपाल दास जी महाराज ने अपने पत्र में सम्राट चौधरी की कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए बेहद सकारात्मक संदेश लिखा है. उन्होंने आशा व्यक्त की है कि सम्राट चौधरी के कुशल नेतृत्व, दूरदर्शिता और कर्मठता के दम पर बिहार विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित करेगा.
पत्र में यह भी कहा गया है कि उनका जीवन निरंतर जनसेवा, राष्ट्रहित और लोककल्याण के कार्यों में समर्पित रहे. इसके साथ ही महाराज जी ने यह मंगलकामना भी की कि उनके नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी और अधिक सशक्त होकर राष्ट्रसेवा तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए लगातार काम करती रहे.
सियासी और आध्यात्मिक गलियारों में चर्चा का विषय बना बधाई पत्र
अयोध्या के शीर्ष संत और राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष की ओर से बिहार के मुख्यमंत्री को भेजा गया यह लिखित आशीर्वाद राजनीतिक और धार्मिक दोनों ही हलकों में खास चर्चा का विषय बना हुआ है. पत्र के अंत में महंत नृत्य गोपाल दास जी महाराज ने स्नेह और आशीर्वाद सहित प्रभु श्रीराम की कृपा सदैव उन पर बने रहने की प्रार्थना की है. जन्मदिन के अवसर पर अयोध्या से मिले इस स्नेहपूर्ण संदेश को बिहार की राजनीति में सकारात्मक ऊर्जा और सांस्कृतिक जुड़ाव के प्रतीक के तौर पर देखा जा रहा है.
यह भी पढ़ें: प्रवासी भारतीयों में दिखा उत्साह: 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने फिलीपींस पहुंचे पीएम मोदी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.






