Urdu Conclave 2026

महाराष्ट्र में 29 नगर निगमों के लिए वोटिंग जारी, चर्चित हस्तियों ने डाला वोट

BMC Elections: महाराष्ट्र में 29 नगर निगमों के लिए मतदान जारी है. चर्चित हस्तियों ने वोट डाला. बीएमसी चुनाव में लाखों मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं.

BMC Elections: महाराष्ट्र में गुरुवार को 29 नगर निगमों के लिए वोटिंग हो रही है. सुबह 7:30 बजे से मतदान शुरू हुआ जो शाम 5:30 बजे तक चलेगा. मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं. आम नागरिकों के साथ-साथ फिल्म जगत की चर्चित हस्तियां भी वोट डालने पहुंचीं और लोकतंत्र में अपनी भागीदारी निभाई.

नाना पाटेकर का संदेश

बॉलीवुड अभिनेता नाना पाटेकर ने भी मतदान किया. वोट डालने के बाद उन्होंने मीडिया से कहा, “वोट डालना हमारे अस्तित्व की पहचान है. इसलिए मैं सुबह पुणे से निकलकर मुंबई आया और अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया.” उन्होंने लोगों से अपील की कि वे घर से निकलकर मतदान जरूर करें.

परेश रावल ने भी डाला वोट

मुंबई के BMC चुनाव के लिए अभिनेता परेश रावल जुहू के नरसी मोंजी स्कूल में मतदान किया. मतदान के बाद उन्होंने कहा कि सभी को मतदान करना चाहिए. वोट नहीं डालेंगे और फिर शिकायत करेंगे तो उसका क्या मतलब है.

फिल्म निर्देशक राकेश रोशन ने किया मतदान

निर्देशक राकेश रोशन ने भी BMC चुनावों के लिए एक मतदान केंद्र पर जाकर अपना वोट डाला.

सान्या मल्होत्रा का अंदाज

अभिनेत्री सान्या मल्होत्रा अंधेरी के लोखंडवाला स्थित ज्ञानकेंद्र पोलिंग बूथ पहुंचीं. उन्होंने डेनिम जीन्स और बेज रंग की शर्ट पहन रखी थी. मतदान केंद्र पर उन्होंने पहचान पत्र दिखाया और फिर वोट डालकर अपनी जिम्मेदारी निभाई.

ट्विंकल खन्ना ने साझा किए विचार

अभिनेत्री और लेखिका ट्विंकल खन्ना ने भी बीएमसी चुनाव में हिस्सा लिया. उन्होंने कहा, “वोट डालना हमें अपनी कहानी पर अधिकार देता है. यह मेरी आदत बन चुकी है और मुझे उम्मीद है कि मेरा वोट बदलाव ला सकता है.”

मशहूर भजन गायक अनूप जलोटा ने वोट डाला

मशहूर भजन गायक अनूप जलोटा ने मुंबई के एक पोलिंग स्टेशन पर वोट डालने के बाद अपनी उंगली पर लगी स्याही दिखाकर मतदान का संदेश दिया.

‘हर व्यक्ति घर से निकले और वोट करे’

गायक कैलाश खेर ने महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव में मतदान करने के बाद कहा कि मुंबई के लोग बहुत जिम्मेदार होते हैं, अपना कर्तव्य निभाते हैं, बस इसी परंपरा का निर्वहन करना है. हर व्यक्ति घर से निकले और वोट करे.

तेंदुलकर ने लोकतांत्रिक जिम्मेदारी निभाई

दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर भी BMC चुनावों के लिए वोट डालने मुंबई के एक मतदान केंद्र पहुंचे और लोकतांत्रिक जिम्मेदारी निभाई.

ये भी पढ़ें-महाराष्ट्र में 29 महानगरपालिकाओं के लिए मतदान, अक्षय कुमार ने डाला वोट, कहा- जिम्मेदारी निभाने का समय

आंकड़ों पर नजर

इस साल महाराष्ट्र में 3.48 करोड़ मतदाता अपने मतों से 15,931 उम्मीदवारों का भविष्य तय करेंगे. सिर्फ मुंबई में ही 1,729 उम्मीदवार मैदान में हैं. मतदान को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 10,111 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 11,349 कंट्रोल यूनिट्स और 22,698 बैलेट यूनिट्स लगाए गए हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read