Bharat Express DD Free Dish

Maharashtra: जलगांव मेले में केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे की बेटी से छेड़छाड़, पुलिस ने की FIR दर्ज, एक आरोपी गिरफ्तार

महाराष्ट्र के जलगांव में केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे की बेटी के साथ मेले में छेड़छाड़ हुई. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि अन्य की तलाश जारी है. मामला दर्ज कर जांच जारी है.

Union Minister Raksha Khadse

Maharashtra Crime News: महाराष्ट्र के जलगांव जिले में केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे की बेटी के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आई है. यह घटना महाशिवरात्रि के बाद जलगांव में चल रहे एक मेले में हुई, जब कुछ युवकों ने उनकी बेटी से बदसलूकी की. इस घटना के बाद केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे ने पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य की तलाश जारी है.

केंद्रीय मंत्री की बेटी अपने दोस्तों और सुरक्षा गार्ड के साथ जलगांव जिले के कोथली गांव में संत मुक्ताई यात्रा देखने गई थी. इसी दौरान सुरक्षा गार्ड को कुछ युवकों पर शक हुआ कि वे मंत्री की बेटी और उनकी सहेली के परिवार का वीडियो बना रहे हैं. जब सुरक्षा गार्ड ने शक के आधार पर युवक के हाथ से मोबाइल लेकर जांच की, तो आरोपी नाराज हो गए और उन्होंने सुरक्षा गार्ड से बहस और धक्का-मुक्की शुरू कर दी. इससे मेले में अफरा-तफरी मच गई.

सरकारी काम में बाधा डालने का केस दर्ज

सुरक्षा गार्ड ने इस घटना की जानकारी पुलिस को दी और हाथापाई करने वाले युवकों के खिलाफ मुक्ताईनगर थाने में मामला दर्ज कराया. पुलिस ने इन युवकों पर सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप भी लगाया है. इस मामले को लेकर केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे खुद पुलिस स्टेशन पहुंचीं और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की.

एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

पुलिस जांच में सामने आया कि 28 फरवरी को जलगांव जिले के मुक्ताईनगर के कोथली गांव में संत मुक्ताई यात्रा के दौरान सात युवकों ने मेले में कुछ लड़कियों का पीछा किया और छेड़छाड़ की कोशिश की. इन आरोपियों की पहचान अनिकेत भुई, पियूष मोरे, सोहम कोणी, अनुज पाटिल, किरण माणी और सचिन पाल के रूप में हुई है. पुलिस ने इनमें से एक आरोपी अनिकेत भुई को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी की तलाश जारी है.

आरोपियों पर पहले भी दर्ज हैं मामले

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अनिकेत भुई पर पहले से मारपीट का मामला भी दर्ज है. पुलिस इस घटना से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस घटना ने मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, जिससे प्रशासन सतर्क हो गया है और आगे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही जा रही है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read