महुआ मोइत्रा के काफिले पर अंडे फेंके
Mahua Moitra: पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा को एक बार फिर विरोध का सामना करना पड़ा. नदिया जिले के कालीगंज में उनके काफिले को रोककर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने ‘गो बैक’ के नारे लगाए. उनकी गाड़ी पर अंडे फेंके गए. वहीं प्रदर्शन में शामिल कुछ महिलाओं ने झाड़ू से गाड़ी पर वार किया. घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया.
यह घटना उस वक्त हुई, जब महुआ मोइत्रा एक स्नान घाट का उद्घाटन करने जा रही थीं. यह घाट सांसद निधि से बनवाया गया है. इसकी लागत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है.
रास्ते में जमा थे बीजेपी कार्यकर्ता
जानकारी के मुताबिक कालीगंज थाना क्षेत्र की गोबरा ग्राम पंचायत के बल्लभपुरा इलाके में इस घाट का निर्माण कराया गया है. बुधवार को इसके उद्घाटन का कार्यक्रम रखा गया था. महुआ मोइत्रा इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रही थीं.
रास्ते में उन्हें खबर मिली कि बीजेपी कार्यकर्ता विरोध करने के लिए जमा हैं. बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों के पास अंडे भी थे. इसके बाद महुआ मोइत्रा ने खुद कालीगंज थाने और कृष्णनगर जिला पुलिस को इसकी जानकारी दी.
गाड़ी पर फेंके अंडे
जब सांसद का काफिला मौके पर पहुंचा तो रास्ते में उसे रोक लिया गया. वहां मौजूद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने ‘गो बैक’ के नारे लगाने शुरू कर दिए. इसी दौरान उनकी गाड़ी पर अंडे फेंके गए. प्रदर्शन कर रही कुछ महिलाओं ने झाड़ू से गाड़ी पर वार भी किया. घटना की सूचना मिलने के बाद कालीगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है.
यह पहली बार नहीं है जब TMC सांसद महुआ मोइत्रा पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने अंडे फेंके हो या विरोध किया हो. इससे पहले 16 सितंबर 2026 को जब नादिया जिले के तेहट्टा इलाके में महुआ मोइत्रा पार्टी की बैठक से बाहर निकल रही थीं, तब प्रदर्शनकारियों ने ‘गो बैक’ के नारे लगाते हुए उनकी कार पर अंडे फेंके थे.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




