सांकेतिक फोटो (Pixabay)
दिल्ली पुलिस ने ऑपरेशन ‘कवच 7.0’ के तहत बड़े पैमाने पर अभियान चलाकर नशे के कारोबारियों और संगठित अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की. यह 24 घंटे का समन्वित अभियान 12 फरवरी की शाम 6 बजे से 13 फरवरी की शाम 6 बजे तक चला, जिसमें दिल्ली के 15 जिलों में 784 स्थानों पर छापेमारी की गई. इस ऑपरेशन में क्राइम ब्रांच और स्पेशल सेल सहित सभी जिलों की पुलिस इकाइयों ने हिस्सा लिया.
अभियान के दौरान 87 एनडीपीएस मामलों में 90 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया और भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए गए. बरामदगी में 553.05 ग्राम हेरोइन, 43.028 किलोग्राम गांजा, 199 ग्राम कोकीन और 2,07,600 अल्प्राजोलम टैबलेट शामिल हैं. इसके अलावा, 48 दोपहिया वाहन भी जब्त किए गए.
161 आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
दिल्ली उत्पाद अधिनियम के तहत 157 मामले दर्ज कर 161 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. इस दौरान 94 बोतलें, 432 कैन बियर, 33,098 क्वार्टर अवैध शराब और 5 हुक्के जब्त किए गए. वहीं, शस्त्र अधिनियम के तहत 27 मामलों में 29 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से एक रिवॉल्वर, एक पिस्टल, छह देसी कट्टे, 11 जिंदा कारतूस, एक सर्जिकल ब्लेड, 18 चाकू और 24,000 रुपये नकद बरामद किए गए.
इसके अलावा, 909 लोगों को एहतियातन हिरासत में लिया गया और 272 लोगों के खिलाफ दिल्ली उत्पाद अधिनियम की धारा 40 के तहत कार्रवाई की गई. जुआ अधिनियम के तहत तीन मामलों में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से 6,400 रुपये नकद जब्त किए गए.
10,000 सिगरेट पैकेट के साथ गिरफ्तार
दिल्ली में शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में अवैध तंबाकू बिक्री पर कार्रवाई करते हुए 1,407 लोगों पर कोटपा अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया. इस अधिनियम के तहत एक व्यक्ति को 10,000 सिगरेट पैकेट के साथ गिरफ्तार किया गया.
भारत सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘ड्रग फ्री इंडिया’ नीति को सख्ती से लागू कर रही है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निर्देशों के तहत दिल्ली पुलिस इस नीति को ईमानदारी से लागू कर रही है. ऑपरेशन कवच का उद्देश्य दिल्ली में मादक पदार्थों की तस्करी को खत्म करना और युवाओं को नशे के जाल से बचाना है.
दिल्ली के बाहर गोदाम बना रहे हैं ड्रग माफिया
इस ऑपरेशन में दिल्ली पुलिस की 150 टीमों ने हिस्सा लिया, जो तकनीकी और मानव खुफिया जानकारी के आधार पर संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी कर रही थीं. इस अभियान से नशा तस्करों में डर का माहौल बना है और कई बड़े अपराधी भूमिगत हो गए हैं. रिपोर्ट के अनुसार, अब ड्रग माफिया दिल्ली के बाहर गोदाम बना रहे हैं और छोटी गाड़ियों के जरिये तस्करी कर रहे हैं.
दिल्ली पुलिस का यह ऑपरेशन युवाओं को नशे से बचाने की दिशा में एक बड़ा कदम है. अभियान की सफलता को देखते हुए भविष्य में भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहने की उम्मीद है. पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे अपने आसपास नशे के कारोबार की जानकारी पुलिस को दें ताकि समाज को इस बुराई से मुक्त किया जा सके.
इसे भी पढ़ें- अमित शाह ने महाराष्ट्र में नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन पर की समीक्षा बैठक, जल्द लागू करने के दिए निर्देश
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

