मालदा में BJP नेता की हत्या (इमेज-भारत एक्सप्रेस)
Chandan Mandal Death/SANJAY MANJHI: मालदा में कार्तिक पूजा का मेला लगा था. चारों तरफ भीड़ थी, सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहे थे और लोग मेले का आनंद ले रहे थे. तभी अचानक बिजली गुल हो गई. अंधेरे के बीच कुछ युवकों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. देखते ही देखते बात गाली-गलौज और फिर मारपीट तक पहुंच गई. शोर सुनकर बीजेपी मंडल के उपाध्यक्ष चंदन मंडल वहां पहुंचे और झगड़ा शांत कराने लगे तभी एक युवक ने उनपर हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि हमले से चंदन जमीन पर गिर पड़े, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया. लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी.
घटना गुरुवार रात करीब 12 बजे पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के हबीबपुर थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव की है. मृतक की पहचान 45 साल के चंदन मंडल के रूप में हुई है. वह ऋषिपुर इलाके के रहने वाले थे और बीजेपी मंडल के उपाध्यक्ष होने के साथ-साथ डेकोरेटर्स का कारोबार भी करते थे.
बिजली गई और शुरू हो गया झगड़ा
चांदपुर गांव में 16 मुख वाले षडानन कार्तिक पूजा के मौके पर मेला लगा था. रात में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी चल रहे थे. इसी दौरान बिजली चली गई. आरोप है कि अंधेरे के बीच शराब के नशे में धुत कुछ युवकों के बीच विवाद शुरू हो गया. पहले कहासुनी हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया.

वहां मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. इसी बीच चंदन मंडल झगड़ा शांत कराने के लिए मौके पर पहुंचे. आरोप है कि तभी एक युवक ने उन पर हमला कर दिया. चंदन वहीं गिर पड़े. उन्हें संभालने के लिए लोग दौड़े, लेकिन उनकी हालत बिगड़ती चली गई.
अस्पताल पहुंचे लेकिन नहीं बची जान
घटना के बाद चंदन मंडल को तुरंत मालदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि चंदन पहले से हृदय रोग से पीड़ित थे. हालांकि उनकी मौत की असली वजह मेडिकल जांच और पुलिस की पड़ताल के बाद ही साफ होगी.
ये भी पढ़ें- आतंक मचाने आ गया चक्रवात ‘आकवान’, पश्चिम बंगाल में नदियां और समुद्र उफान पर, मछुआरों पर लगा रोक
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी. पुलिस ने एक आरोपी युवक को हिरासत में लिया है. अब यह पता लगाया जा रहा है कि झगड़ा किस बात पर शुरू हुआ था और चंदन मंडल पर हमला किन हालात में हुआ. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





