Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

बदायूं डबल मर्डर में हो रहे कई खुलासे, आरोपी ने की थी 5 हजार रुपये की डिमांड, तीसरे बच्चे ने ऐसे बचाई जान

Badaun Double Murder: उत्तर प्रदेश के बदायूं शहर में बीते मंगलवार को दो बच्चों की हत्या कर दी गई. इसके बाद घटना में शामिल एक आरोपी पुलिस एनकाउंटर में मारा गया था. घटना के बाद से ही इलाके में तनाव व्याप्त है.

फोटो में मृतक बच्चे और घर के बाहर तैनात पुलिस

उत्तर प्रदेश के बदायूं शहर की बाबा कॉलोनी में दो बच्चों की हत्या के बाद से तनाव व्याप्त है. मृतक बच्चों के घर के बाहर पुलिस फोर्स तैनात है. बदायूं की मंडी समिति पुलिस चौकी के पास बाबा कॉलोनी में मंगलवार (19 मार्च) को दो बच्चों की घर में घुसकर हत्या कर दी गई. इसके बाद पुलिस के साथ एनकाउंटर में एक आरोपी मारा गया था. आरोपी की पहचान साजिद के रूप में हुई है, जो नाई का काम करता था.

मृतक के पिता विनोद कुमार ने कहा है कि हत्या में दो लोग शामिल थे और वे अभी भी ये बात समझ नहीं पा रहे हैं कि उनके बच्चों की हत्या क्यों की गई. विनोद ने आरोपियों से किसी भी तरह की निजी दुश्मनी से इनकार किया है. बच्चों के पिता एक ठेकेदार हैं, जबकि उनकी मां संगीता का एक ब्यूटी पार्लर है.

वारदात में दो लोग शामिल

मीडिया से बात करते हुए एसएसपी बदायूं ने कहा कि मृतक के परिवारवालों ने आरोपी के भाई का भी नाम लिया है. आरोपी साजिद मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे अपने पड़ोसी के घर में घुसा और छत पर गया, जहां बच्चे खेल रहे थे. यहां उनसे 13 और 6 साल के दो भाइयों (आयुष और हनी) का गला काट दिया, जबकि तीसरे भाई पीयूष को घायल कर दिया. फिर वह नीचे आया, जहां भीड़ ने उसे पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह भाग निकला.

22 वर्षीय साजिद नाम का आरोपी दोनों बच्चों की हत्या करने के बाद मौके से भाग निकला. इसके बाद बदायूं पुलिस ने तलाश शुरू की और साजिद एनकाउंटर में मारा गया. इस मामले में साजिद के भाई जावेद को भी आरोपी बनाया गया है और उसकी तलाश की जा रही है.

एफआईआर में मृतक बच्चों के परिवार ने आरोपी के भाई जावेद का भी नाम आरोपी के तौर पर बताया है. उसकी तलाश के लिए टीमें काम कर रही हैं और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. आरोपी ने मृतक बच्चों के पिता से 5,000 रुपये की मांग की थी.

बच्चों के पिता ने कहा, ‘साजिद ने अपनी पत्नी की डिलीवरी के लिए 5,000 रुपये मांगे थे और हम सहमत हो गए थे. वह पैसे के लिए हमारे घर आया और जब मेरा छोटा बेटा उसके लिए एक गिलास पानी ला रहा था, तो वह मेरे बड़े बेटे को एक तरफ ले लिया और उसे मार डाला. इसके बाद उसने छोटे बेटे पर हमला कर दिया.’

ऐसे हुआ एक आरोपी का एनकाउंटर

डबल मर्डर मामले में पुलिस अधिकारियों ने बदायूं में मृतक बच्चों के घर का निरीक्षण किया. SSP बदायूं आलोक प्रियदर्शी ने कहा, ‘कानून-व्यवस्था बिल्कुल सामान्य है. शहर में कोई दिक्कत नहीं है. आरोपी साजिद बाल काटने का काम करता था. उसकी टंकी पीड़ित परिवार के घर के सामने ही थी. उसका घर में आना-जाना भी था. मंगलवार शाम 7:30 बजे वह घर के अंदर गया और छत पर खेल दोनों बच्चों की हत्या कर दी. वह नीचे आया तो लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह भाग निकला.’

SSP ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति को संभाला. उसकी तलाश शुरू हुई. पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने पुलिस पर फायर किया. जवाबी फायरिंग में उसकी मौत हो गई. यह घटना मंगलवार रात करीब 10 बजे मृत बच्चों के घर से करीब 7 किलोमीटर दूर शेखूपुर इलाके में हुई.


इसे भी पढें: उत्तर प्रदेश: बदायूं में दोहरे हत्याकांड से तनाव, मासूमों की हत्या करने वाले का पुलिस ने किया एनकाउंटर


तीसरे बच्चे ने ऐसे बचाई जान

दोनों मृत बच्चों के भाई पीयूष (8 वर्ष) घटना के प्रत्यक्षदर्शी हैं. उन्होंने कहा, ‘सैलून का आदमी यहां आया था. वह मेरे भाइयों को ऊपर ले गया, मुझे नहीं पता कि उसने उन्हें क्यों मारा. उसने मुझ पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन मैंने धक्का दे दिया और नीचे भाग गया. मेरे हाथ और सिर में चोटें आईं. दो लोग (आरोपी) यहां आए थे.’

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital