Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

मोदी कैबिनेट का बड़ा फैसला, 19,934 करोड़ के 5 बड़े प्रोजेक्ट्स को मिली मंजूरी

Modi Cabinet Approves Projects: मोदी कैबिनेट ने 19,934 करोड़ रुपये के 5 बड़े प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी है. जानिए CIE मैन्युफैक्चरिंग स्कीम, कामराजार पोर्ट विस्तार, सिलचर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट और डाक विभाग की नई योजनाओं की पूरी जानकारी.

Major decision by the Modi cabinet

मोदी कैबिनेट का बड़ा फैसला (फाइल फोटो)

Modi Cabinet Approves Projects: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं और योजनाओं को हरी झंडी दे दी गई. केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार ने कुल 19,934 करोड़ रुपये की लागत वाली पांच बड़ी परियोजनाओं और योजनाओं को मंजूरी दी है. इन फैसलों का उद्देश्य देश में बुनियादी ढांचे, उद्योग और सार्वजनिक सेवाओं को मजबूत करना है.

मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

कैबिनेट की मंजूरी पाने वाली योजनाओं में सबसे बड़ा आवंटन कंस्ट्रक्शन एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर इक्विपमेंट (CIE) मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम स्कीम के लिए किया गया है. इस योजना के तहत 11,000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. सरकार का मानना है कि इससे निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र से जुड़ी विनिर्माण गतिविधियों को मजबूती मिलेगी और नए अवसर पैदा होंगे.

कामराजार पोर्ट पर बनेगा नया टर्मिनल

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि तमिलनाडु के कामराजार पोर्ट में दूसरे कंटेनर टर्मिनल के निर्माण की मंजूरी भी कैबिनेट ने दे दी है. इस परियोजना पर 4,288 करोड़ रुपये की लागत आएगी. नए टर्मिनल के बनने से बंदरगाह की क्षमता बढ़ेगी और माल परिवहन व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद है.

असम को मिलेगा नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट

कैबिनेट ने पूर्वोत्तर भारत के लिए भी एक अहम फैसला लिया है. असम के सिलचर जिले के डोलू क्षेत्र में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट विकसित किया जाएगा. इस प्रोजेक्ट के लिए सरकार ने 2,014 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं. माना जा रहा है कि इससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बेहतर होगी और स्थानीय विकास को गति मिलेगी.

डाक विभाग के लिए भी अहम फैसले

बैठक में डाक विभाग से जुड़ी दो महत्वपूर्ण योजनाओं को भी मंजूरी दी गई. पोस्टल ऑपरेशंस स्कीम के लिए 1,141 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं. वहीं डाक विभाग की एस्टेट मैनेजमेंट स्कीम पर 1,491 करोड़ रुपये खर्च करने की मंजूरी मिली है.

ये भी पढ़ें-विकसित भारत 2047 का सपना कैसे होगा साकार? पीएम मोदी ने बताया सरकार और उद्योग जगत की साझेदारी का महत्व

कई क्षेत्रों में होगा फायदा

सरकार के इन फैसलों से उद्योग, परिवहन, हवाई कनेक्टिविटी और डाक सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है. केंद्र का मानना है कि ये परियोजनाएं न केवल बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करेंगी, बल्कि आर्थिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा देंगी.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism