Mohan Yadav Property Row: मध्य प्रदेश की राजनीति में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उनके परिवार पर कांग्रेस द्वारा लगाए गए संपत्ति संबंधी आरोपों के बाद सियासी पारा पूरी तरह गरमा गया है. इन आरोपों पर मंगलवार रात भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बेहद सधे हुए और तार्किक अंदाज में अपना आधिकारिक पक्ष रखा है. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने एक वीडियो संदेश जारी कर कांग्रेस के सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार, भ्रामक और एक सोची-समझी राजनीतिक साजिश का हिस्सा बताया है.
‘2023 से लेकर 2026 तक… संपत्ति में कोई बदलाव नहीं’
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने आंकड़ों के साथ स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके नेता केवल जनता के बीच भ्रम फैलाने का असफल प्रयास कर रहे हैं. खंडेलवाल ने साफ किया कि हमारे लोकप्रिय मुख्यमंत्री द्वारा साल 2023 के विधानसभा चुनाव में जो चुनावी नामांकन दाखिल किया गया था, उस समय उनके पास 17 एकड़ जमीन थी, जिसमें आज तक एक इंच का भी परिवर्तन नहीं हुआ है. यही नहीं, उनकी पत्नी सीमा यादव के नाम पर दर्ज 12.29 एकड़ की जमीन की स्थिति में भी साल 2026 तक कोई बदलाव नहीं आया है.
सिद्धिविनायक कंपनी और मास्टर प्लान का पूरा सच
यह भी बताते चलें कि आरोपों (Mohan Yadav Property Row) में घसीटी गई सिद्धिविनायक कंपनी और मुख्यमंत्री के बेटे वैभव यादव की संपत्ति पर भी भाजपा ने विस्तृत सफाई दी है. खंडेलवाल के मुताबिक, इस कंपनी के पास साल 2023 में 68 एकड़ जमीन थी, जो जून में बढ़ने के बजाय घटकर मात्र 65 एकड़ रह गई है.
इसके अलावा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने साल 2017 में ही इस कंपनी के डायरेक्टर पद से इस्तीफा दे दिया था. उनके पुत्र वैभव के पास भी मुख्यमंत्री बनने से पहले जो 16 एकड़ जमीन थी, वह आज भी वैसी ही है. यह सारी जमीन मास्टर प्लान लागू होने से पहले की है. केवल उनकी नवविवाहित पुत्रवधू शालिनी यादव ने अवश्य 10 एकड़ कृषि भूमि खरीदी है, जो कि विकसित मास्टर प्लान एरिया के पूरी तरह बाहर स्थित है.
ये भी पढ़ें- कर्नाटक में क्रॉस वोटिंग: BJP से झारखंड का बदला ले रही है कांग्रेस? अलर्ट मोड पर नितिन नबीन
‘पिछड़े वर्ग के मुख्यमंत्री के खिलाफ बड़ा षड्यंत्र’
अपने बयान को राजनीतिक और सामाजिक ऐंगल देते हुए हेमंत खंडेलवाल ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव प्रदेश के किसानों, युवाओं और औद्योगिक विकास के लिए लगातार दिन-रात काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश को देश का सबसे विकसित राज्य बनाने के उनके इस अभियान से घबराकर कांग्रेस यह (Mohan Yadav Property Row) षड्यंत्र रच रही है.
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के इतिहास में जब-जब पिछड़े वर्ग (OBC) का कोई मुख्यमंत्री बना है-चाहे वह उमा भारती जी हों, शिवराज सिंह चौहान जी हों या अब डॉ. मोहन यादव हों-तब-तब समाज के कुछ तत्वों और विपक्ष द्वारा उन्हें कमजोर करने के लिए इसी तरह के झूठे प्रपंच रचे गए हैं, जिसे सूबे की जनता कतई बर्दाश्त नहीं करेगी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

