Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

मुरैना से 15 अगस्त कार्यक्रम के बाद लापता हुईं 4 नाबालिग छात्राएं, सूरत रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद

Morena Missing Girls Case: मुरैना के जौरा में 15 अगस्त कार्यक्रम के बाद लापता हुईं चार नाबालिग छात्राओं को पुलिस ने करीब 24 घंटे में सूरत से सकुशल बरामद कर लिया. एसपी धर्मराज मीणा के निर्देश पर चार पुलिस टीमें गठित की गई थीं। CCTV फुटेज की मदद से छात्राओं का सुराग मिला.

Morena Missing Girls Case

Morena Missing Girls Case

Morena Missing Girls Case: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के जौरा थाना क्षेत्र से 15 अगस्त के कार्यक्रम के बाद लापता हुईं चार नाबालिग छात्राओं को पुलिस ने करीब 24 घंटे के भीतर गुजरात के सूरत से सकुशल बरामद कर लिया. चारों छात्राओं के अचानक गायब होने की खबर से जौरा क्षेत्र में हड़कंप मच गया था. परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की और मामले में कई टीमें गठित की गईं.

15 अगस्त के कार्यक्रम के बाद अचानक हुईं लापता

जानकारी के मुताबिक, जौरा नगर में 15 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम के बाद चारों छात्राएं अचानक लापता हो गईं. काफी तलाश के बाद भी जब उनका पता नहीं चला तो परिजनों ने जौरा थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी और गुमशुदगी दर्ज कराई. एक साथ चार नाबालिग छात्राओं के गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया. पुलिस ने छात्राओं की तलाश के लिए आसपास के इलाकों के साथ-साथ संभावित मार्गों पर भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी.

एसपी के निर्देश पर चार टीमें गठित

मुरैना एसपी धर्मराज मीणा के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की. छात्राओं के संभावित रास्तों और ठिकानों का पता लगाने के लिए अलग-अलग स्थानों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई. इसके साथ ही पुलिस ने चार अलग-अलग टीमें बनाकर तलाश अभियान शुरू किया. जांच के दौरान पुलिस को छात्राओं की लोकेशन गुजरात के सूरत से जुड़ी होने की जानकारी मिली. इसके बाद जौरा से पुलिस की एक टीम सूरत के लिए रवाना की गई.

यह भी पढ़ें: ‘CJP के बाद अब ‘दिमागी नक्सल जनता पार्टी’…!’ पीएम के बयान को बनाया हथियार, फॉलोअर्स का आंकड़ा लाख के पार

सूरत रेलवे स्टेशन से मिलीं छात्राएं

पुलिस के मुताबिक, चारों छात्राओं को सूरत रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद किया गया. वहां GRP पुलिस ने छात्राओं को अपनी सुरक्षा में रखा था. जौरा पुलिस टीम ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद छात्राओं को अपने संरक्षण में लिया. चारों के सुरक्षित मिलने की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, परिवारों ने राहत की सांस ली. पुलिस के लिए भी यह बड़ी राहत की बात रही कि छात्राओं को किसी तरह की गंभीर क्षति नहीं पहुंची.

अब पूरे घटनाक्रम की होगी जांच

छात्राओं के सूरत पहुंचने की वजह और उनके साथ पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस अब पूछताछ कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चारों छात्राएं जौरा से सूरत कैसे पहुंचीं और इस दौरान उनके साथ कौन-कौन लोग संपर्क में थे. फिलहाल चारों छात्राओं के सकुशल मिलने के बाद पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली है. मामले की आगे की जांच के बाद ही उनके लापता होने की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital