Mount Abu Bear Fight Video: राजस्थान का इकलौता हिल स्टेशन माउंट आबू अपनी खूबसूरती के लिए मशहूर है, लेकिन इन दिनों यहां के बाशिंदे और सैलानी एक अलग ही दहशत के साए में जी रहे हैं. मामला जुड़ा है जंगल के सबसे ‘अनप्रिडिक्टेबल’ शिकारी भालुओं से. बीती रात माउंट आबू के देलवाड़ा इलाके में जो मंजर देखने को मिला, उसने हर किसी के रोंगटे खड़े कर दिए. बीच सड़क पर दो भारी-भरकम भालू आपस में इस कदर भिड़े कि उनकी चीखें दूर-दूर तक सुनाई दीं.
आधी रात का वो खौफनाक मंजर
हुआ यूं कि देलवाड़ा सड़क पर सन्नाटा पसरा हुआ था, तभी अचानक दो भालू आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते दोनों के बीच वर्चस्व की जंग शुरू हो गई. उनके बीच काफी देर तक जबरदस्त गुत्थमगुत्था चलती रही. इस खूनी संघर्ष की आवाजें इतनी तेज थीं कि आसपास के घरों में सो रहे लोग हड़बड़ा कर जाग गए.
किसी ने दूर से इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में भालुओं की दहाड़ और उनकी भिड़ंत को साफ सुना और देखा जा सकता है.
दहशत में स्थानीय लोग और पर्यटक
माउंट आबू वैसे तो वन्य जीव अभयारण्य (Wildlife Sanctuary) क्षेत्र में आता है, इसलिए यहाँ जंगली जानवरों का दिखना नई बात नहीं है. लेकिन हाल के दिनों में भालुओं का मूवमेंट जिस तरह से रिहायशी इलाकों और मुख्य सड़कों पर बढ़ा है, उसने लोगों की नींद उड़ा दी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अब भालू सिर्फ रात में ही नहीं, बल्कि शाम ढलते ही सड़कों पर दिखने लगते हैं. ऐसे में पैदल चलने वालों या दुपहिया वाहन सवारों के लिए जान का जोखिम हर वक्त बना रहता है.
ये भी पढ़ें- मेरठ से प्रयागराज अब 7 घंटे में, कार चालकों को देना होगा इतने रुपये टोल टैक्स
प्रशासन से सुरक्षा की गुहार
इस घटना के बाद इलाके में डर का माहौल है. लोगों का मानना है कि अगर वन विभाग ने जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है. हालांकि, वन विभाग की टीमें गश्त का दावा करती हैं, लेकिन स्थानीय निवासियों की मांग है कि आबादी वाले क्षेत्रों में भालुओं के प्रवेश को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

