North India Cold Wave: उत्तर भारत में सर्दी अब अपने चरम पर है. सूरज और बादलों की लुकाछिपी के बीच ठंडी हवाओं ने लोगों का घर से निकलना मुहाल कर दिया है. पहाड़ी राज्यों में जहां पानी बर्फ बन चुका हैं, वहीं मैदानी इलाकों में कोहरे और अचानक हुई बूंदाबांदी ने मुसीबत दोगुनी कर दी है. आलम यह है कि दिल्ली से लेकर कश्मीर तक, हर कोई बस अलाव के सहारे दिन काट रहा है.
पहाड़ों में ‘फ्रीजर’ जैसे हालात
कश्मीर की बात करें तो वहां की स्थिति किसी फ्रीजर से कम नहीं. श्रीनगर में पारा माइनस 5.1 डिग्री तक लुढ़क गया है, जबकि गुलमर्ग और पहलगाम जैसे इलाकों में यह माइनस 9 डिग्री के करीब पहुंच चुका है. वहीं, लद्दाख के द्रास में तो ठंड ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं, यहां तापमान माइनस 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
पहाड़ों में रहने वाले लोगों के लिए सुबह की शुरुआत संघर्ष भरी हो रही है क्योंकि नलों के भीतर पानी जम चुका है. लोग घंटों धूप निकलने का इंतजार करते हैं ताकि दैनिक कार्यों के लिए पानी मिल सके. विश्व प्रसिद्ध डल झील के किनारे भी अब बर्फ की चादर में तब्दील होने लगे हैं.
दिल्ली-NCR में कोहरा और फुहारें
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों (NCR) में गुरुवार की सुबह कुछ अलग रही. यहां हल्के कोहरे के साथ अचानक हुई बूंदाबांदी ने मौसम को और सर्द बना दिया. मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) वेस्टर्न डिसटर्बेंस के सक्रिय होने की वजह से मैदानी इलाकों में यह बदलाव देखने को मिल रहा है. साथ ही बारिश ने नमी को और बढ़ा दिया है, जिससे आने वाले दिनों में और भी घना कोहरा छाने की संभावना है.
कोहरे का अलर्ट: थम सकती है रफ्तार
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के लिए ‘घने कोहरे’ का अलर्ट जारी किया है. अगले एक हफ्ते तक विजिबिलिटी बहुत कम रहने की आशंका है, जिसका सीधा असर सड़कों पर चलने वाली गाड़ियों, लंबी दूरी की ट्रेनों और उड़ानों पर पड़ेगा. अगर आप सफर की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन या फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक कर लें.
दक्षिण भारत का अलग ही हाल
हैरानी की बात यह है कि जहां उत्तर भारत ठंड से ठिठुर रहा है, वहीं दक्षिण भारत में बारिश ने मोर्चा खोल रखा है. बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के चलते तमिलनाडु और पुडुचेरी में भारी बारिश हो रही है. यहां के लिए ‘यलो अलर्ट’ जारी किया गया है.
ये भी पढ़ें: Delhi Riots: आरोपियों की जमानत रद्द होने पर रामभद्राचार्य का प्रहार, ममता-राहुल पर भी साधा निशाना
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


