मध्य प्रदेश में सागर पुलिस ने आरोपी का एनकाउंटर कर गिरफ्तार किया
MP Police Encounter: सागर/अजय भटनागर: मध्य प्रदेश के सागर जिले में अवैध शराब मामले के 30 हजार रुपये के इनामी आरोपी रवि लखेरा को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. बरायठा थाना क्षेत्र में हनुमान टोंग मंदिर के पास जंगल में शुक्रवार सुबह पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई. पुलिस के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में रवि के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया. घायल आरोपी को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है.
पुलिस को देखकर की फायरिंग
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अवैध शराब मामले में फरार चल रहा रवि लखेरा अपने साथियों के साथ जंगल की तरफ मौजूद है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी शुरू की. बताया जा रहा है कि पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी. उसने पुलिस पर तीन गोलियां चलाईं. इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली रवि के पैर में लगी.
मुठभेड़ के दौरान अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर आरोपी के दो साथी मौके से भागने में सफल रहे. पुलिस ने उनकी तलाश के लिए आसपास के इलाके में सर्चिंग और कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू कर दिया है. संभावित ठिकानों पर भी दबिश दी जा रही है.
हथियार और बाइक बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 12 बोर का देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और तीन खाली कारतूस बरामद किए हैं. इसके अलावा उसकी मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है. पुलिस अब फरार दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.
ये भी पढ़ें: प्रयागराज के DRM ऑफिस में CBI का बड़ा छापा, 50 हजार की रिश्वत लेते APO और अधीक्षक गिरफ्तार
25 आपराधिक मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार रवि लखेरा के खिलाफ पहले से करीब 25 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं. अवैध शराब मामले में उसकी तलाश लंबे समय से की जा रही थी और उस पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित था. मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. अब उससे पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य लोगों और फरार साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

