Mumbai local train news: मुंबई की लोकल ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है. हार्बर लाइन पर छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) की ओर जा रही एक लोकल ट्रेन में लेडीज कंपार्टमेंट के अंदर एक युवक द्वारा जबरदस्ती घुसकर हंगामा करने की घटना सामने आई है. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आ गया है.
लेडीज कंपार्टमेंट में घुसा युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक बिना अनुमति लेडीज कंपार्टमेंट में घुस आया और महिलाओं द्वारा बार-बार बाहर जाने के अनुरोध के बावजूद वह काफी देर तक वहीं बना रहा. इस दौरान कंपार्टमेंट में तनाव का माहौल बन गया और यात्री असहज महसूस करने लगे. कुछ यात्रियों ने बताया कि उन्होंने तुरंत रेलवे हेल्पलाइन नंबर 1512 पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कॉल नहीं लग पाई. इसके अलावा कंपार्टमेंट के अंदर मौजूद इमरजेंसी टॉकबैक सिस्टम भी कथित तौर पर काम नहीं कर रहा था, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई.
सुरक्षा वय्वस्था पर सवाल
घटना के दौरान यात्रियों ने सुरक्षा व्यवस्था की कमी को लेकर नाराजगी जताई और सवाल उठाए कि व्यस्त लोकल ट्रेनों में ऐसी स्थिति में तत्काल मदद क्यों नहीं मिल पाती. यह घटना मुंबई लोकल की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर बहस छेड़ रही है.
रेलवे पुलिस कर रही जांच
वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया है. रेलवे पुलिस (RPF) की टीम ने सब-इंस्पेक्टर अरुण कुमार के नेतृत्व में स्टेशन परिसर, फुट ओवरब्रिज और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया, हालांकि आरोपी युवक का अब तक पता नहीं चल सका है. रेलवे प्रशासन ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है. अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि युवक ट्रेन में कैसे घुसा और सुरक्षा चूक कहां हुई.
ये भी पढ़ें: शशि थरूर ने अचानक क्यों पढ़े पीएम मोदी की तारीफ में कसीदे? मालदीव कनेक्शन जान रह जाएंगे हैरान
इस घटना के बाद यात्रियों में चिंता बढ़ गई है और लोग लोकल ट्रेनों में विशेषकर महिला डिब्बों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग कर रहे हैं. रेलवे अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



