Bharat Express DD Free Dish

शशि थरूर ने अचानक क्यों पढ़े पीएम मोदी की तारीफ में कसीदे? मालदीव कनेक्शन जान रह जाएंगे हैरान

Shashi Tharoor praises PM Modi: कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने अमेरिका में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की. उन्होंने मालदीव कनेक्शन को लेकर ऐसा क्या कहा, जिससे राजनीतिक हलकों में नई बहस छिड़ गई है.

Shashi Tharoorpraise PM Modi

Shashi Tharoor praises PM Modi: कांग्रेस सांसद शशि थरूर (Congress MP Shashi Tharoor) का एक बयान इन दिनों चर्चा में है, जिसमें उन्होंने मालदीव और भारत के रिश्तों का उदाहरण दिया है. उन्होंने कहा कि एक समय मालदीव में भारत के खिलाफ माहौल बन गया था, लेकिन जब वहां संकट आया तो भारत ने बिना किसी शर्त के मदद की. थरूर ने यह बात अमेरिका के फ्लेचर स्कूल में एक कार्यक्रम के दौरान कही.

उनका कहना था कि ऐसी मदद से देशों के बीच भरोसा मजबूत होता है. उनके इस बयान को सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार (Prime Minister Narendra Modi Government) की विदेश नीति की तारीफ के तौर पर देखा जा रहा है, जिस पर काफी चर्चा हो रही है.

भारत ने कैसे की मालदीव की मदद?

शशि थरूर ने उस समय की स्थिति का जिक्र किया जब नवंबर 2023 में मोहम्मद मुइज्जू मालदीव के राष्ट्रपति बने. उन्होंने चुनाव के दौरान ‘India Out’ अभियान चलाया था. इसके बाद नई सरकार ने भारत से जुड़े कुछ समझौतों की समीक्षा शुरू की और कुछ भारतीय कर्मियों की वापसी की बात भी उठाई. इसी बीच जनवरी 2024 में पीएम मोदी के लक्षद्वीप दौरे के बाद सोशल मीडिया पर बयानबाजी हुई, जिससे दोनों देशों के रिश्तों में तनाव दिखा.

थरूर ने आगे बताया कि इसी दौरान राजधानी माले में पानी की सप्लाई का मुख्य प्लांट खराब हो गया और गंभीर संकट पैदा हो गया. ऐसी स्थिति में भारत ने तुरंत मदद भेजते हुए लाखों लीटर पीने का पानी उपलब्ध कराया, बिना किसी शर्त के. उनके मुताबिक, इसी तरह की मदद से देशों के बीच भरोसा बनता है और रिश्ते मजबूत होते हैं.

शशि थरूर ने क्या समझाया?

इसके बाद भारत और मालदीव के संबंधों में धीरे-धीरे सुधार देखने को मिला. जुलाई 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मालदीव यात्रा के दौरान राष्ट्रपति मुइज्जू ने भारत को सबसे भरोसेमंद और अहम साझेदार बताया. दोनों देशों ने व्यापार, सुरक्षा, स्वास्थ्य और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई.

थरूर की यह बात इसलिए चर्चा में है क्योंकि उन्होंने यह समझाया कि अंतरराष्ट्रीय रिश्तों में मुश्किल समय में दी गई मदद लंबे समय तक भरोसा बनाने में अहम भूमिका निभाती है.

यह भी पढ़ें:  ट्विशा-दीपिका के बाद अब जयपुर की अनु मीणा… CCTV में कैद पति की हैवानियत, दहेज प्रताड़ना से तंग आकर दी जान

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read