अगर आपने शनिवार की रात आसमान की तरफ नजर घुमाई होगी, तो यकीनन एक पल के लिए आपकी नजरें वहीं ठहर गई होंगी. साल 2026 की शुरुआत खगोलीय नजरिए से बेहद शानदार रही है. देशभर के आसमान में शनिवार की रात साल का पहला ‘Supermoon’ अपनी पूरी चमक-धमक के साथ नजर आया. यह नजारा इतना खूबसूरत था कि जिसने भी देखा, वह देखता ही रह गया. मुंबई के मरीन ड्राइव से लेकर कोलकाता के हावड़ा ब्रिज और गुवाहाटी की पहाड़ियों तक, हर जगह चांद की इस खूबसूरती ने लोगों को दीवाना बना दिया.
साधारण चांद से कहीं ज्यादा बड़ा और चमकीला
दरअसल, विज्ञान की भाषा में जब चंद्रमा पृथ्वी के सबसे करीब होता है, तो वह आम दिनों के मुकाबले कहीं ज्यादा बड़ा और रोशन दिखाई देता है.

शनिवार की रात दिखा यह चांद सामान्य से करीब 14 फीसदी ज्यादा बड़ा और 30 फीसदी अधिक चमकीला था. यही वजह थी कि जैसे ही सूर्यास्त हुआ, भुवनेश्वर और कोलकाता जैसे शहरों में एक विशालकाय नारंगी और सफेद रंग का चमकता हुआ गोला क्षितिज पर उभरता दिखाई दिया.
बिना चश्मे या टेलीस्कोप के दिखा शानदार नजारा
इस सुपरमून की सबसे अच्छी बात यह थी कि इसे देखने के लिए आपको किसी महंगे उपकरण या खास चश्मे की जरूरत नहीं थी. नंगी आंखों से भी चांद की सतह और उसकी चमक को साफ महसूस किया जा सकता था.
#WATCH महाराष्ट्र | 2026 का पहला ‘सुपरमून’, जिसे ‘वोल्फ मून’ के नाम से भी जाना जाता है, मुंबई में देखा गया।
इस खगोलीय घटना के दौरान, चांद आम पूर्णिमा के चांद से 30% ज़्यादा चमकदार दिखेगा। pic.twitter.com/RSH6AXEblG
— ANI_HindiNews (@AHindinews) January 3, 2026
हालांकि, जिन लोगों के पास छोटी दूरबीन या बेसिक टेलीस्कोप था, उनके लिए तो यह किसी ट्रीट से कम नहीं था. सोशल मीडिया पर भी रात भर ‘सुपरमून’ की तस्वीरों की बाढ़ आई रही, जहां लोग अपने शहर की छतों से खींची गई फोटो शेयर कर रहे थे.
खत्म हुआ चार महीनों का ‘सुपरमून रन’
खगोलविदों की मानें तो यह सुपरमून एक खास सिलसिले का हिस्सा था. पिछले साल अक्टूबर से शुरू हुए चार महीनों के ‘सुपरमून रन’ का यह आखिरी पड़ाव था. इसका मतलब है कि पिछले चार महीनों से हम लगातार हर महीने चांद को करीब से देख रहे थे, लेकिन शनिवार रात वाला नजारा इस सीजन का सबसे भव्य समापन था. अब इस तरह का सुपरमून देखने के लिए हमें लंबा इंतजार करना होगा, क्योंकि अगला सुपरमून अब साल 2026 के अंत में ही दिखाई देगा.
ये भी पढ़ें: 72वीं नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप: वाराणसी में आज प्रधानमंत्री मोदी करेंगे वर्चुअल उद्घाटन
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


