Bharat Express DD Free Dish

’24 वर्षों से बिना छुट्टी लिए राष्ट्र की सेवा…’, प्रधानमंत्री मोदी की ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए क्या बोले अमित शाह?

Narendra Modi ने 8,931 दिनों का रिकॉर्ड बनाकर भारत में सबसे लंबे समय तक शासन प्रमुख रहने का इतिहास रचा. Amit Shah ने इसे ‘राष्ट्र-प्रथम’ की भावना और 24 वर्षों की निरंतर सेवा का प्रतीक बताया…

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक ऐसा कीर्तिमान स्थापित किया है, जिसे छू पाना किसी भी राजनेता के लिए एक सपना होगा. शासन प्रमुख (मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री) के तौर पर लगातार 8,931 दिन पूरे कर उन्होंने सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है.

इस गौरवशाली अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पीएम मोदी के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि यह मील का पत्थर सेवा, परिश्रम और अटूट प्रतिबद्धता की नींव पर टिका है. शाह ने जोर देकर कहा कि 24 वर्षों से अधिक समय तक बिना एक भी दिन की छुट्टी लिए राष्ट्र और जनता की सेवा करना, प्रधानमंत्री मोदी के ‘राष्ट्र-प्रथम’ के संकल्प का सबसे बड़ा प्रमाण है.

गुजरात से दिल्ली तक 8,931 दिनों का सफर

अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी पोस्ट में पीएम मोदी के सफर को रेखांकित करते हुए लिखा कि सार्वजनिक जीवन में उनके ये 8,931 दिन कार्यों में ईमानदारी और प्रत्येक नागरिक की अथक सेवा के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं. शाह के अनुसार, मोदी जी की दशकों की सेवा ने अपने आप में एक ‘नए युग’ का निर्माण किया है. उन्होंने कहा कि चाहे गरीबों को उनके हक दिलाना हो, विकास के नए प्रतिमान गढ़ना हो या वैश्विक मंचों पर भारत का मस्तक ऊंचा करना हो, ‘मोदी युग’ ने देश की तस्वीर और तकदीर दोनों को पूरी तरह से बदल कर रख दिया है.

‘बिना छुट्टी लिए की राष्ट्र सेवा’

गृह मंत्री ने इस बात पर विशेष बल दिया कि इस ‘नए भारत’ को गढ़ने के लिए जिस जीवन भर के प्रयास की आवश्यकता थी, उसे प्रधानमंत्री ने पूरी निष्ठा से निभाया है. उन्होंने कहा कि यही कारण है कि उन्हें जनता से अभूतपूर्व स्नेह मिला है. चाहे वह तीन बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में हो या अब तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री के रूप में. अमित शाह ने कहा कि लोगों का उन पर विश्वास और समर्थन हर बीतते दिन के साथ और भी मजबूत हुआ है. शाह ने इस उपलब्धि को एक ऐसी दुर्लभ विरासत बताया जो केवल अद्वितीय सेवा और जन-विश्वास के बल पर ही निर्मित की जा सकती है.

यह भी पढ़ें: सियासत के ‘अजेय सारथी’ बने पीएम मोदी! शासन प्रमुख के रूप में पूरे किए रिकार्ड 8,931 दिन; सीएम योगी बोले-‘यह विकसित भारत के प्रति जनविश्वास का प्रतीक’

सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले ‘शासक प्रमुख’

गौरतलब है कि नरेंद्र मोदी भारत के 14वें प्रधानमंत्री के रूप में 26 मई 2014 से लगातार पद पर बने हुए हैं. जून 2024 में तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेकर उन्होंने लगातार तीन बार जीतने वाले पहले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री बनने का गौरव हासिल किया था. अब 8,931 दिनों के कुल कार्यकाल के साथ वे भारत में किसी भी सरकार के प्रमुख (मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री) के रूप में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले नेता बन गए हैं. अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित पूरी भाजपा ने इस दिन को भारतीय राजनीति के एक ‘ऐतिहासिक मील के पत्थर’ के रूप में मनाया है, जो निरंतरता, अनुभव और अटूट जन-समर्थन का प्रतीक है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read