राष्ट्रवादी संगठन भारत भारती, जो हिंदुस्तान को विश्व गुरु बनाने के उद्देश्य से पिछले 20 वर्षों से कार्यरत है, ने अपनी तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारी मंडल की बैठक का सफल आयोजन बैंगलुरु में किया. इस बैठक में भारत भारती के राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रभारियों एवं प्रदेश अध्यक्षों ने भाग लिया. बैठक का आयोजन के.ई.बी. इंजीनियरिंग एसोसिएशन हॉल, बैंगलुरु में किया गया.
‘भारती भूषण’ पुरस्कार से सम्मानित हुए समाजसेवी
बैठक के अंतिम दिन भारत भारती द्वारा ‘भारती भूषण’ पुरस्कार: 2025 का भव्य आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में समाजसेवा और अल्पसंख्यक समुदाय के उत्थान के लिए कार्यरत कई महत्वपूर्ण हस्तियों को सम्मानित किया गया. इनमें सबसे प्रमुख नाम मोहम्मद इरफ़ान अहमद का रहा, जिन्हें देशभर में अल्पसंख्यकों, विशेष रूप से पसमांदा मुस्लिमों के लिए उनके योगदान हेतु इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया.
प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में कर्नाटक उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश श्री कृष्ण भट्ट और कर्नाटक सरकार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री डॉ. सी.एन. अश्वथनारायण सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी, विश्वविद्यालय के प्रोफेसर, प्रसिद्ध उद्योगपति, और विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों की प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल हुईं. इन सभी ने समाज के दबे-कुचले लोगों की मदद और सहयोग करने वाले व्यक्तियों को न केवल सम्मानित किया, बल्कि उन्हें शील्ड और प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए.
अन्य सम्मानित व्यक्तित्व
मोहम्मद इरफ़ान अहमद के अलावा, कई अन्य प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों को भी ‘भारती भूषण’ पुरस्कार से नवाजा गया. इनमें भोपाल से संजय भाई पटेल (अखिल भारतीय गुजराती समाज), बेंगलुरु से कांति भाई पटेल, दीपक जी कर्पे (सचिव बृहन मराठी समाज देवास), महेश छाबड़िया (अध्यक्ष विश्व सिंधी समाज), भगत राम जी छाबड़ा (भारतीय सिंधु सभा), सोमशेखरन नायर (प्रेसिडेंट ग्लोबल नायर समाज), उत्तम प्रकाश अग्रवाल (अध्यक्ष राष्ट्रीय अगरोहा विकास ट्रस्ट), राम सुब्रमण्यम (अध्यक्ष सौराष्ट्र तमिल संगम मदुरै), के. उदय कुमार (भारत कला संगम), सुरेश जी जैन (अध्यक्ष जैन हिंदू महासभा), सरदार बूटा सिंह (ग्रंथी गुरुद्वारा सिंह सभा बेंगलुरु), और अन्य शामिल थे.
सम्मान मिलने पर इरफ़ान अहमद ने जताया आभार
इस प्रतिष्ठित सम्मान को प्राप्त करने के बाद मोहम्मद इरफ़ान अहमद ने मीडिया से बातचीत में कहा, “मैं ईश्वर और अल्लाह का शुक्रगुजार हूं कि मुझे इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया. यह मेरे माता-पिता, मेरे चाहने वालों और उनके आशीर्वाद की बदौलत संभव हुआ है. मैं आगे भी जरूरतमंदों, गरीबों, अनाथों, विधवाओं, असहायों और पिछड़े पसमांदा मुस्लिम समाज की सेवा करता रहूंगा.” उन्होंने अपने प्रशंसकों और शुभचिंतकों से उनके अच्छे स्वास्थ्य और सफलता के लिए दुआ करने की अपील की.
भारत भारती का मिशन और उद्देश्य
कार्यक्रम के दौरान भारत भारती के हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के प्रभारी इरफ़ान अहमद ने कहा कि भारत भारती पूरे देशभर में विभिन्न भाषाओं और प्रांतों के लोगों के साथ मिलकर भारत को एक श्रेष्ठ और गौरवशाली राष्ट्र बनाने की दिशा में कार्य कर रही है. यह संगठन ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की संकल्पना को साकार करने के लिए काम कर रहा है.
कार्यक्रम का सफल समापन
कार्यक्रम का समापन भारत भारती के कार्यकारी अध्यक्ष श्री विनय पत्राले, ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री सुभाष धावन, संगठन मंत्री श्री जगन्नाथ कुंजबिहारी स्वाईं, और श्री रुद्र नारायण तिवारी द्वारा किया गया. अंत में, भारत भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री जगन्नाथ कुंजबिहारी स्वाईं ने सभी उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले राजेंद्र कुमार, मेजर हेगड़े, रमेश शर्मा, कर्नल देवेन्द्र गहलोत, अनीता आचार्य, रीना गहलोत, गीता अग्रवाल, साधना राव और पिंकी बंसल के योगदान की भी सराहना की.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

