Bharat Express DD Free Dish

बिहार के नवादा में 8 माह की गर्भवती से चचेरे भैसुर ने किया दुष्कर्म, पंचायत में न्याय नहीं मिला तो थाने पहुंची पीड़िता

नवादा जिले में शौच के लिए गई एक गर्भवती महिला के साथ उसके ही रिश्तेदार ने हैवानियत की. पीड़िता का पति दिल्ली में मजदूरी करता है. घटना के बाद गांव में पंचायत बैठी लेकिन न्याय न मिलने पर महिला ने खुद नगर थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया. आरोपी फिलहाल फरार है.

Nawada Crime News, Bihar Rape Case

Nawada Crime News: बिहार के नवादा जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने रिश्तों की मर्यादा और इंसानियत दोनों को तार-तार कर दिया है. यहाँ एक 8 महीने की गर्भवती महिला के साथ उसी के चचेरे भैसुर (पति के बड़े भाई) ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं. यह घटना तब हुई जब महिला तड़के सुबह शौच के लिए बाहर गई थी.

अंधेरे का फायदा उठाकर किया हमला

पीड़िता पहले से ही एक बच्चे की मां है और जल्द ही अपने दूसरे बच्चे को जन्म देने वाली थी. घटना वाले दिन वह रोज की तरह गांव के बाहर शौच के लिए गई थी. आरोप है कि महिला को अकेला पाकर उसका चचेरा भैसुर वहां पहले से घात लगाकर बैठा था. उसने महिला को अकेला देख उसे जमीन पर पटक दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया. महिला की हालत नाजुक थी, क्योंकि वह 8 माह की गर्भवती थी, लेकिन आरोपी ने उस पर जरा भी तरस नहीं खाया.

पंचायत ने दबाना चाहा मामला, पति दिल्ली से लौटा

घटना के बाद पीड़िता ने सबसे पहले अपने ससुर को इस घिनौनी करतूत के बारे में बताया. उस वक्त महिला का पति दिल्ली में मजदूरी कर रहा था. जैसे ही उसे इस बात की खबर लगी, वह सब कुछ छोड़कर फौरन गांव पहुंचा. गांव में इसे लेकर पंचायत भी बुलाई गई. अक्सर ऐसे मामलों में गांव के रसूखदार लोग समझौते का दबाव बनाते हैं, और यहाँ भी कुछ वैसा ही हुआ. घंटों चली पंचायत में मामला सुलझने के बजाय पीड़िता को चुप कराने की कोशिश की गई.

ये भी पढ़ें- लखनऊ का अक्षत बना पिता का कातिल, बहन को कई दिनों तक धमकाकर रखा कैद, गोमती में फेंकने वाला था लाश

पीड़िता ने दिखाई हिम्मत, पुलिस ने की फॉरेंसिक जांच

जब पंचायत से न्याय की उम्मीद खत्म हो गई, तो पीड़िता ने हार मानने के बजाय लड़ने का फैसला किया. वह खुद हिम्मत जुटाकर नवादा नगर थाना पहुंची और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई. थाना प्रभारी उमाशंकर सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत केस दर्ज किया.

पुलिस की कार्रवाई भी तेज रही, फॉरेंसिक टीम को मौके पर भेजकर सबूत जुटाए गए और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण नवादा सदर अस्पताल में कराया गया. डॉक्टरों ने महिला की 8 महीने की गर्भावस्था की पुष्टि की है, जिससे यह मामला और भी संगीन हो गया है.

आरोपी फरार, तलाश जारी

इधर, जैसे ही आरोपी को भनक लगी कि मामला पुलिस तक पहुंच गया है और पंचायत की ढाल अब काम नहीं आएगी, वह गांव छोड़कर फरार हो गया. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपना मोबाइल भी बंद कर लिया है ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस न हो सके. हालांकि, पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और उसे जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read