Bharat Express DD Free Dish

NH-20 पर मुआवजे की मांग को लेकर युवक का हाई-वोल्टेज ड्रामा, हाथ में पेट्रोल की बोतल ले आत्मदाह की दी धमकी

Nawada NH 20 Eviction Protest: बिहार के नवादा में NH-20 पर अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान एक युवक ने हाथ में पेट्रोल की बोतल लेकर आत्मदाह की चेतावनी दी. पीड़ित युवक का आरोप है कि पिछले तीन साल से कागजात जमा करने के बावजूद उसे मुआवजा दिए बिना आशियाने पर बुलडोजर चलाया जा रहा है.

Nawada NH 20 Eviction Protest

फोटो क्रेडिट- भारत एक्सप्रेस

Nawada NH 20 Eviction Protest: बिहार के नवादा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 20 (NH-20) के किनारे जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई. शनिवार को फरहा गांव के पास चल रही बुलडोजर कार्रवाई के बीच एक स्थानीय युवक हाथ में पेट्रोल की बोतल लेकर पहुंच गया और परिसर में जमकर हंगामा किया. उसने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि बिना मुआवजा दिए उसका मकान तोड़ा गया, तो वह खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आत्महत्या कर लेगा.

तीन साल से लगा रहा दफ्तरों के चक्कर, नहीं मिला मुआवजा

हंगामा कर रहे युवक का आरोप है कि वह पिछले तीन वर्षों से अपनी जमीन से जुड़े सभी कानूनी कागजात लेकर अंचल और जिला स्तर के अधिकारियों के चक्कर काट रहा है. इसके बावजूद उसकी फरियाद पर कोई ध्यान नहीं दिया गया. युवक ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जमीन उसके नाम पर दर्ज है, लेकिन सरकार और संबंधित विभाग की ओर से उसे अब तक एक रुपये का भी मुआवजा नहीं मिला है. पीड़ित का साफ कहना है कि जब तक उसे उचित मुआवजा राशि प्राप्त नहीं हो जाती, तब तक वह किसी कीमत पर अपना घर खाली नहीं करेगा.

यह भी पढें: मुंबई में चेक हो रहे ऑटो वालों के बोल: 15 सवालों के साथ बताएं आती है मराठी?

बिना नोटिस कार्रवाई का आरोप, प्रशासन ने किया दावों का खंडन

अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत NH-20 के किनारे लगभग 45 किलोमीटर के दायरे में कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई की जा रही है. इस दौरान फरहा गांव समेत कई इलाकों में प्रभावित परिवारों द्वारा तीव्र विरोध देखने को मिल रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें अपना सामान समेटने और विस्थापित होने के लिए पर्याप्त समय या नोटिस नहीं दिया गया. दूसरी ओर, प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों के आरोपों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि पूरी कार्रवाई नियमानुसार पूर्व में जारी किए गए विधिक नोटिसों के आधार पर ही की जा रही है.
युवक के कड़े रुख और आत्मदाह की धमकी के बाद मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक टीम ने समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रण में लिया. फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनात बढ़ा दी गई है.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read