सिंगरौली की NCL खदान में गार्ड पर हमला और लूट मामले में 2 गिरफ्तार, राइफल बरामद.(PC:भारत एक्सप्रेस)
Singrauli News:शकील अहमद सिद्दीकी/सिंगरौली: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के मोरवा थाना क्षेत्र स्थित NCL की निगाही कोयला खदान में हुई सनसनीखेज डकैती और चोरी के मामलों का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. खदान में ड्यूटी कर रहे सुरक्षा गार्ड से बंदूक और कॉपर केबल लूटने वाले गिरोह के दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
मोरवा पुलिस ने NCL निगाही कोयला खदान में सुरक्षा गार्ड गीतम सिंह से 315 बोर राइफल और केबल लूटने की वारदात का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने दो आरोपियों (ठाकुर प्रसाद व नंदलाल साकेत) को गिरफ्तार कर लूटी गई बंदूक, कारतूस, कॉपर केबल और वाहन बरामद किए हैं. यह गिरोह जयंत और निगाही खदानों में लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था.
क्या है मामला?
NCL की निगाही कोयला खदान में 3 अगस्त 2026 की रात करीब 20 से 25 नकाबपोश अपराधियों के एक गिरोह ने सुरक्षा गार्ड गीतम सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया था. बदमाशों ने गार्ड के साथ मारपीट की और उसकी 315 बोर की शासकीय राइफल, 5 जिंदा कारतूस तथा लगभग 80 मीटर कॉपर केबल काटकर मौके से फरार हो गए थे. इस गंभीर वारदात के बाद मोरवा पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी.
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो मुख्य आरोपियों को धर दबोचा
6 सितंबर को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने कांटा मोड़ नर्सरी के पास घेराबंदी की, जहां कुछ संदिग्ध फिर से किसी वारदात की योजना बना रहे थे. पुलिस को देखते ही 5-6 आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो मुख्य आरोपियों- ठाकुर प्रसाद साकेत उर्फ बड़कू और नंदलाल साकेत को धर दबोचा.
पुलिस द्वारा 315 बोर राइफल और 5 कारतूस बरामद
पूछताछ में आरोपियों ने निगाही खदान में हुई डकैती की बात स्वीकार कर ली. आरोपी ठाकुर प्रसाद की निशानदेही पर जंगल में छिपाकर रखी गई लूटी हुई 315 बोर राइफल और 5 कारतूस बरामद किए गए. इसके अलावा आरोपियों ने 13 अगस्त को जयंत खदान और 27 अगस्त को निगाही खदान में केबल वायर काटने की बात भी कबूली. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से केबल, लोहे के खंभे और 3 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 2 लाख रुपये है. फिलहाल अन्य फरार साथियों की तलाश जारी है.
यह भी पढ़ें-‘धुआं-धुआं हुआ खार्ग आइलैंड…!’ ईरान के 5 तेल टैंकर समुद्र में समाए, US ने जारी किया VIDEO
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




