Bharat Express DD Free Dish

एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन 20 अगस्त को करेंगे नामांकन, पीएम मोदी होंगे शामिल

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के आवास पर हुई बैठक में एनडीए ने उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए अपनी रणनीति का अंतिम रूप दिया. सीपी राधाकृष्णन को एनडीए का उम्मीदवार बनाया गया है.

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के आवास पर सोमवार को उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर अहम बैठक हुई, जिसमें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने अपनी रणनीति को अंतिम रूप दिया. बैठक में तय किया गया कि उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन 20 अगस्त को होगा. केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के आवास पर सोमवार शाम को हुई एनडीए घटक दलों के फ्लोर लीडर्स और संसदीय दल के नेताओं की बैठक में उपराष्ट्रपति चुनाव की नामांकन की तारीख और रणनीति पर चर्चा की गई. इस बैठक में फैसला लिया गया कि 20 अगस्त सुबह 11 बजे उपराष्ट्रपति पद के लिए नामांकन किया जाएगा.

केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू ने बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, “एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन आज दिल्ली पहुंचे और हमने एनडीए के नेताओं के साथ एक बैठक की. वह वर्तमान में महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं और पूर्व में झारखंड के भी राज्यपाल रह चुके हैं. सभी लोग उनसे परिचित हैं. इसके बावजूद एनडीए के उम्मीदवार के रूप में उनके नाम का ऐलान होने के बाद एक बैठक की गई है. हमें बहुत गर्व है कि सीपी राधाकृष्णन जैसे व्यक्ति को एनडीए का उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया गया है. एनडीए गठबंधन के सभी नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया. हमें उम्मीद है कि सभी दल उन्हें समर्थन देंगे.”

NDA के सभी नेता नामांकन प्रक्रिया में होंगे शामिल

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, “एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में सीपी राधाकृष्णन का नामांकन 20 अगस्त को सुबह 11 बजे दाखिल किया जाएगा. प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एनडीए के सभी नेता नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया में हिस्सा लेंगे.” किरेन रिजिजू ने विपक्ष से सीपी राधाकृष्णन का समर्थन करने की अपील की.

उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि सभी दलों को उपराष्ट्रपति का समर्थन करना चाहिए. हम एक ऐसा चेहरा लेकर आए हैं कि सभी विपक्ष के नेताओं को भी उनका समर्थन करना चाहिए. एनडीए के सभी सहयोगी दलों ने हामी भरी है.”

ये भी पढ़े: Modi-Shux Meet: स्पेस यात्री शुभांशु शुक्ला से मिले पीएम मोदी, कहा- भारत को उनकी उपलब्धि पर गर्व है

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read