ओडिशा के कीट विश्वविद्यालय में नेपाली छात्र की मौत
KIIT Student Death:ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित कीट विश्वविद्यालय में एक नेपाली छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. इस मामले को लेकर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आयोग को इस घटना को लेकर एक शिकायत प्राप्त हुई है. शिकायत कलिंगा राइट्स फोरम नामक संगठन द्वारा दर्ज कराई गई थी, जिसमें दावा किया गया था कि नेपाली छात्र की मौत आत्महत्या के कारण हुई है. हालांकि, अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि यह आत्महत्या थी या किसी अन्य कारण से हुई मौत.
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले नेपाली छात्रों ने इस घटना के खिलाफ आवाज उठाने की कोशिश की, तो उनके साथ मारपीट की गई. इन गंभीर आरोपों को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने एक विशेष टीम गठित की है, जो इस पूरे मामले की जांच करेगी. प्रियंक कानूनगो ने बताया कि यह टीम जल्द ही विश्वविद्यालय का दौरा करेगी और विस्तृत जांच के बाद 10 मार्च से पहले आयोग को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी.
यह मामला अब राष्ट्रीय स्तर पर तूल पकड़ रहा है और नेपाली छात्र समुदाय में भारी आक्रोश देखा जा रहा है. मानवाधिकार आयोग की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि नेपाली छात्र की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई और वजह थी. साथ ही, नेपाली छात्रों के साथ कथित मारपीट के आरोपों की भी निष्पक्ष जांच की जाएगी. फिलहाल, इस मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन और स्थानीय पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



