राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बुधवार को पश्चिम बंगाल में प्रियांगु पांडेय पर भीड़ द्वारा किए गए हमले से जुड़े वर्ष 2024 के मामले में एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी मोहित महतो उर्फ साहिल को कर्नाटक के बेंगलुरु से दोपहर में एनआईए टीम ने गिरफ्तार किया.
यह कार्रवाई लगातार तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर की गई. गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज़ और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है, जिसकी जांच की जा रही है.
मामले में अब तक 17 आरोपी गिरफ्तार
मोहित, जो कि पश्चिम बंगाल के भाटपाड़ा का निवासी है, की गिरफ्तारी के साथ इस मामले में अब तक कुल 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. यह हमला 28 अगस्त 2024 को उस समय हुआ था जब प्रियांगु पांडेय अपने दल के साथ पूर्व सांसद अर्जुन सिंह के निवास की ओर जा रहे थे. हमले के तुरंत बाद राज्य पुलिस ने 12 लोगों को गिरफ्तार किया था, जबकि एनआईए ने अब तक 5 और गिरफ्तारियां की हैं.
एनआईए ने नवंबर 2024 में इस मामले की जांच अपने हाथ में ली थी और तब से ही आरोपी मोहित महतो की संलिप्तता सामने आने पर उसकी तलाश की जा रही थी. अब तक एनआईए ने इस मामले (RC-14/2024/NIA/DLI) में कुल 14 आरोपियों के खिलाफ तीन चार्जशीट दायर की हैं. जांच अब भी जारी है.
ये भी पढ़ें: रेप के आरोपी को सुप्रीम कोर्ट ने दी अंतरिम जमानत, कहा-‘पीड़िता बच्ची नहीं है और एक हाथ से ताली नहीं बजती’
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

